करीना कपूर खान की फिल्म दायरा सिनेमाघरों के बाद अब ओटीटी प्लेटफॉर्म पर दस्तक देने के लिए तैयार है।

एंटरटेनमेंट डेस्क, मुंबई। अभिनेत्री करीना कपूर खान इन दिनों ग्लैमरस किरदारों के बजाय गंभीर और चुनौतीपूर्ण भूमिकाओं में अपनी अभिनय क्षमता दिखा रही हैं। ‘जाने जान’ और ‘द बकिंघम मर्डर्स’ के बाद वह मेघना गुलजार के निर्देशन में बनी फिल्म ‘दायरा’ में डीसीपी अजूनी कोहली के किरदार में नजर आईं। फिल्म में उनके साथ अभिनेता पृथ्वीराज सुकुमारन ने भी प्रमुख भूमिका निभाई है। सिनेमाघरों में रिलीज के करीब दो महीने बाद अब यह फिल्म ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर दस्तक देने जा रही है।
सच्ची घटनाओं से प्रेरित ‘दायरा’ 18 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। फिल्म को लेकर दर्शकों और फिल्म समीक्षकों के बीच काफी उम्मीदें थीं, लेकिन बॉक्स ऑफिस पर इसका प्रदर्शन निराशाजनक रहा। यह करीना कपूर के करियर की सबसे कमजोर ओपनिंग वाली फिल्मों में शामिल रही और व्यावसायिक रूप से सफल नहीं हो सकी। हालांकि, फिल्म को समीक्षकों से सकारात्मक प्रतिक्रियाएं मिलीं और इसे आईएमडीबी पर 7.1 की रेटिंग भी मिली है।
नेटफ्लिक्स ने फिल्म की ओटीटी रिलीज की तारीख 13 नवंबर तय की है। ऐसे में जो दर्शक इसे सिनेमाघरों में नहीं देख पाए थे, वे अब घर बैठे फिल्म का आनंद ले सकेंगे।
फिल्म की कहानी एक महिला डॉक्टर के यौन उत्पीड़न और हत्या के मामले के इर्द-गिर्द घूमती है। इसमें पृथ्वीराज सुकुमारन डीसीपी रमन कुमार की भूमिका में हैं, जबकि करीना कपूर डीसीपी अजूनी कोहली का किरदार निभा रही हैं। कहानी में रमन कुमार चार आरोपियों का एनकाउंटर कर देता है। इसके बाद अजूनी और रमन के बीच न्याय, सजा और कानून के पालन को लेकर विचारों का टकराव सामने आता है। फिल्म इसी बहस के जरिए कानून व्यवस्था, न्याय प्रक्रिया और अपराधियों को सजा देने के तरीकों पर सवाल उठाती है।

