आखिर कैसे हुई इस महापर्व की शुरुआत? जानिए राजा प्रियंवद की वह पौराणिक कथा, जब मृत पुत्र के वियोग में वे प्राण त्यागने को तैयार थे, तभी देवी षष्ठी के प्रकट होने से यह पावन परंपरा शुरू हुई।

धर्म डेस्क, नई दिल्ली। लोक आस्था और सूर्य उपासना का महापर्व छठ पूजा श्रद्धा, तपस्या और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मनाया जा रहा है। चार दिनों तक चलने वाले इस पर्व के दूसरे दिन खरना का प्रसाद ग्रहण करने के बाद श्रद्धालु 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू करेंगे। व्रत का समापन 16 नवंबर को उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ होगा। इसके बाद व्रती पारण करेंगे और परिवार तथा आसपास के लोगों में प्रसाद वितरित किया जाएगा। छठ पर्व के दौरान घरों से लेकर नदी, तालाबों और अन्य जलाशयों के घाटों तक भक्ति और उत्साह का विशेष माहौल दिखाई देता है।

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, छठी मैया और भगवान सूर्य की विधि-विधान से आराधना करने से संतान को दीर्घायु और उत्तम स्वास्थ्य का आशीर्वाद मिलता है। श्रद्धालु सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना के साथ यह कठिन व्रत रखते हैं। हालांकि छठ पूजा की परंपरा कब और कैसे शुरू हुई, इसे लेकर कई पौराणिक कथाएं प्रचलित हैं।

एक मान्यता के अनुसार, छठ पूजा की शुरुआत प्राचीन काल में राजा प्रियंवद और उनकी पत्नी रानी मालिनी से जुड़ी घटना के बाद हुई। पौराणिक कथा में बताया गया है कि राजा प्रियंवद और रानी मालिनी के कोई संतान नहीं थी। संतान प्राप्ति की इच्छा लेकर दोनों महर्षि कश्यप के पास पहुंचे। उनकी व्यथा सुनने के बाद महर्षि ने उन्हें यज्ञ करने की सलाह दी। राजा और रानी ने विधिपूर्वक यज्ञ कराया, जिसके प्रभाव से रानी ने एक पुत्र को जन्म दिया, लेकिन दुर्भाग्यवश बालक मृत पैदा हुआ।

पुत्र की मृत्यु से दुखी राजा प्रियंवद ने अपने प्राण त्यागने का निर्णय कर लिया। इसी दौरान देवी देवसेना प्रकट हुईं। उन्होंने राजा को बताया कि वह सृष्टि की मूल प्रवृत्ति के छठे अंश से उत्पन्न हुई हैं और इसी कारण उन्हें षष्ठी कहा जाता है। देवी ने राजा को विधिपूर्वक उनकी आराधना करने का संदेश दिया। इसके बाद राजा ने देवी की पूजा-अर्चना की। धार्मिक मान्यता है कि देवी की कृपा से राजा को जीवित पुत्र की प्राप्ति हुई। इसी घटना को छठ पूजा की परंपरा की शुरुआत से जोड़कर देखा जाता है। इस कथा का उल्लेख ब्रह्मवैवर्त पुराण के प्रकृति खंड में बताया जाता है।

छठ पूजा और सूर्य उपासना का संबंध महाभारत काल से भी जोड़ा जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, सूर्यपुत्र कर्ण भगवान सूर्य के परम भक्त थे। वे प्रतिदिन जल में खड़े होकर सूर्य देव को अर्घ्य अर्पित करते और उनकी उपासना करते थे। मान्यता है कि सूर्य देव की कृपा से ही कर्ण को अद्भुत शक्ति और तेज प्राप्त हुआ था। इसी तरह पांडवों की पत्नी द्रौपदी द्वारा भी सूर्य उपासना और छठ व्रत किए जाने की कथा प्रचलित है। कहा जाता है कि जब पांडव जुए में अपना राजपाट हारकर कठिन परिस्थितियों में पहुंच गए थे, तब महर्षि धौम्य के सुझाव पर द्रौपदी ने विधि-विधान से व्रत और सूर्य उपासना की थी। धार्मिक मान्यता के अनुसार, इसके प्रभाव से पांडवों को अपना खोया हुआ राज्य वापस प्राप्त करने में सहायता मिली।

छठ पूजा केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि लोक आस्था, प्रकृति के प्रति कृतज्ञता और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना का महापर्व है। इसमें अस्ताचलगामी और उदीयमान सूर्य दोनों को अर्घ्य देकर जीवन में प्रकाश, ऊर्जा और संतुलन बनाए रखने की प्रार्थना की जाती है। कठिन नियमों, स्वच्छता, संयम और सामूहिक सहभागिता के कारण इस पर्व का सामाजिक और सांस्कृतिक महत्व भी विशेष माना जाता है।

Share.
Leave A Reply

About Us

QUICK LINKS

QUICK LINKS