फुलेरा में सत्ता बदलने के बाद बनराकस ने 'पंचायत सीजन 5' की रिलीज डेट के लिए एक अनोखी शर्त रखी है।

एंटरटेनमेंट डेस्क,नई दिल्ली। लोकप्रिय वेब सीरीज ‘पंचायत’ के पांचवें सीजन का इंतजार कर रहे दर्शकों के लिए फुलेरा से एक नया और दिलचस्प ट्विस्ट सामने आया है। सीरीज के चर्चित किरदार बनराकस यानी दुर्गेश कुमार ने अब रिलीज डेट को लेकर फैंस के सामने अनोखी चुनौती रख दी है। नए प्रशासन की ओर से तय किए गए इस नियम के मुताबिक, दर्शकों को मिलकर एक करोड़ गेंदे के फूलों की माला तैयार कर नए प्रधान को पहनानी होगी। इस चुनौती के पूरा होने के बाद ही ‘पंचायत सीजन 5’ की रिलीज डेट का खुलासा किया जाएगा।
दरअसल, सीरीज में क्रांति देवी यानी सुनीता राजवर के नए प्रधान बनने और बनराकस के उनके साथ खड़े होने के बाद फुलेरा की राजनीति में नया मोड़ आ गया है। इसी बदलाव को प्रचार अभियान का हिस्सा बनाते हुए निर्माताओं ने दर्शकों के लिए यह खास चैलेंज पेश किया है। बनराकस के इस अंदाज ने सीरीज के प्रशंसकों के बीच उत्सुकता बढ़ा दी है। हालांकि, एक करोड़ गेंदे के फूलों की माला वाली शर्त को फिलहाल शो की वापसी से जुड़ा प्रचारात्मक अभियान माना जा रहा है।
इससे पहले प्राइम वीडियो की ओर से सोशल मीडिया पर साझा की गई एक पोस्ट ने दर्शकों को निराश कर दिया था। पोस्ट में बताया गया था कि ‘पंचायत सीजन 5’ इस साल रिलीज नहीं होगा। पोस्ट में मजाकिया अंदाज में लिखा गया था, ‘पंचायत सीजन 5 इस साल नहीं आएगा। बताते हुए खेद है, पंचायत का अगला सीजन कैद है।’ इस संदेश के बाद दर्शकों के बीच शो की वापसी को लेकर चर्चाएं तेज हो गई थीं। अब नए पोस्ट और बनराकस की चुनौती ने एक बार फिर फैंस का ध्यान खींचा है।
सीरीज के अगले सीजन को लेकर कहानी और कलाकारों के संबंध में भी दर्शकों की दिलचस्पी बनी हुई है। इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी करने के बाद पंचायत सचिव बने अभिषेक त्रिपाठी का किरदार एक बार फिर कहानी का अहम हिस्सा रहने की उम्मीद है। जितेंद्र कुमार इस भूमिका में लौट सकते हैं। वहीं नीना गुप्ता, रघुबीर यादव, सान्विका, फैसल मलिक और चंदन रॉय जैसे चर्चित कलाकारों की वापसी को लेकर भी दर्शकों में उत्सुकता है। हालांकि, नए सीजन की पूरी कहानी और कलाकारों की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।
‘पंचायत’ का निर्माण द वायरल फीवर (टीवीएफ) ने किया है। इसकी कहानी चंदन कुमार ने लिखी है, जबकि निर्देशन की जिम्मेदारी दीपक कुमार मिश्रा ने संभाली है। गांव की राजनीति, पंचायत व्यवस्था, रोजमर्रा की घटनाओं और सहज हास्य के जरिए इस सीरीज ने दर्शकों के बीच खास पहचान बनाई है। अब देखना होगा कि फुलेरा के नए प्रशासन की यह अनोखी चुनौती दर्शकों को किस तरह जोड़ती है और ‘पंचायत सीजन 5’ की रिलीज डेट से पर्दा कब उठता है।

