बस्तर रेंज के आई ने इंस्पेक्टर विनीत दुबे को निलंबित कर दिया है। 25 करोड़ की कथित रंगदारी मामले में जांच में यह बात सामने आई की इंस्पेक्टर का काम और व्यवहार नियम के अनुसार नहीं था। उन्होंने नियम के खिलाफ काम किया था।

रायपुर,एजेंसी। कांग्रेस नेता आनंद कुकरेजा से कथित तौर पर 25 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में छत्तीसगढ़ पुलिस के निरीक्षक विनीत दुबे के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की गई है। नारायणपुर में पदस्थ निरीक्षक विनीत दुबे को बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक बद्री नारायण मीणा ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। उन पर पुलिस की गोपनीय कार्रवाई से जुड़ी सूचनाएं लीक करने और विभागीय मर्यादाओं के विपरीत आचरण करने के आरोप हैं। हालांकि, इन आरोपों की अंतिम पुष्टि विभागीय जांच और कानूनी प्रक्रिया के बाद ही होगी।

पुलिस विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई रायपुर पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला की ओर से भेजी गई रिपोर्ट के आधार पर की गई है। पुलिस मुख्यालय के आदेश में निरीक्षक विनीत दुबे के आचरण को उनके पद की जिम्मेदारियों और विभागीय नियमों के अनुरूप नहीं माना गया है। रिपोर्ट में उनके व्यवहार को संदिग्ध बताते हुए विभागीय अनुशासन के दृष्टिकोण से कार्रवाई की अनुशंसा की गई थी।

मामले की शुरुआत उस समय हुई, जब पुलिस की एक गोपनीय कार्रवाई से संबंधित जानकारी कथित तौर पर लीक होने का मामला सामने आया। पुलिस फरार आरोपी शोएब ढेबर को पकड़ने के लिए दबिश देने की तैयारी में थी, लेकिन आरोप है कि कार्रवाई से पहले ही संबंधित सूचना लीक हो गई और आरोपी मौके से निकल गया। इसी घटनाक्रम के बाद पुलिस अधिकारियों ने मामले की जांच के निर्देश दिए थे। शोएब ढेबर पर कांग्रेस नेता आनंद कुकरेजा से कथित तौर पर 25 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने का आरोप है।

बस्तर आईजी कार्यालय से जारी निलंबन आदेश के अनुसार, रायपुर पुलिस कमिश्नर ने 30 अक्टूबर 2026 को पत्र के माध्यम से निरीक्षक विनीत दुबे के संबंध में प्रतिवेदन भेजा था। इसी प्रतिवेदन और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर उनका आचरण संदिग्ध तथा विभागीय मर्यादाओं के विपरीत पाए जाने पर निलंबन की कार्रवाई की गई। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय रक्षित केंद्र, नारायणपुर निर्धारित किया गया है। इस अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा।

गौरतलब है कि गोपनीय पुलिस कार्रवाई की सूचना लीक होने के संदेह में विभाग पहले भी कार्रवाई कर चुका है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट में पदस्थ आरक्षक शिवम द्विवेदी और राहुल सिंह गौतम को भी निलंबित किया गया था। अब इसी प्रकरण में निरीक्षक विनीत दुबे के खिलाफ हुई कार्रवाई से पुलिस महकमे में हलचल है। विभागीय स्तर पर इस पूरे मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है। जांच के दौरान यह स्पष्ट करने का प्रयास किया जाएगा कि गोपनीय सूचना किस स्तर से बाहर पहुंची और संबंधित पुलिसकर्मियों की इसमें क्या भूमिका रही।

Share.
Leave A Reply

About Us

QUICK LINKS

QUICK LINKS