छत्तीसगढ़ की रायपुर पुलिस ने 22 साल से फरार एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया है। आरोपी की तलाश के लिए रायपुर से एक विशेष टीम को भेजा गया था।

रायपुर,एजेंसी। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर की पुलिस ने 22 साल से फरार एक स्थायी वारंटी को मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान झुरी उर्फ समारू के रूप में हुई है। वह अनूपपुर जिले के भालूमाड़ा थाना क्षेत्र के गोवा गांव का निवासी है। उसके खिलाफ वर्ष 2004 में रायपुर के गोलबाजार थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज किया गया था। न्यायालय से स्थायी वारंट जारी होने के बाद से वह फरार चल रहा था।
पुलिस के अनुसार, लंबित स्थायी वारंटों की तामिली के लिए पुलिस उपायुक्त मध्य जोन तारकेश्वर पटेल के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई थी। इसी अभियान के तहत एक टीम को आरोपी की तलाश में मध्य प्रदेश भेजा गया। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए रीवा, शहडोल, ब्यौहारी, अनूपपुर और भालूमाड़ा सहित कई स्थानों पर दबिश दी।
लगातार तलाश और स्थानीय स्तर पर जानकारी जुटाने के बाद पुलिस टीम आरोपी के ठिकाने तक पहुंची और उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के लिए न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, फरार आरोपितों और लंबे समय से लंबित स्थायी वारंटों की तामिली के लिए अभियान जारी है। इस कार्रवाई को इसी अभियान का हिस्सा बताया गया है।

