इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च की रिपोर्ट के अनुसार, सर्दी-खांसी जैसी आम बीमारियों में इस्तेमाल होने वाली एंटीबायोटिक दवाएं अब बेअसर हो रही हैं।

हेल्थ डेस्क, नई दिल्ली। सर्दी, खांसी, बुखार या संक्रमण होने पर बिना डॉक्टर की सलाह के एंटीबायोटिक दवाएं लेना अब गंभीर स्वास्थ्य संकट का कारण बनता जा रहा है। देश की प्रमुख चिकित्सा अनुसंधान संस्था भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) की वर्ष 2025 की रिपोर्ट में एंटीबायोटिक दवाओं के घटते प्रभाव को लेकर चिंताजनक आंकड़े सामने आए हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, कई ऐसे बैक्टीरिया विकसित हो चुके हैं जिन पर सामान्य ही नहीं, बल्कि गंभीर संक्रमणों में इस्तेमाल की जाने वाली शक्तिशाली एंटीबायोटिक दवाएं भी असर नहीं कर पा रही हैं। चिकित्सा जगत में इस स्थिति को एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस यानी रोगाणुरोधी प्रतिरोध कहा जाता है।
आईसीएमआर के एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस सर्विलांस एंड रिसर्च नेटवर्क की रिपोर्ट के अनुसार, यूरिनरी ट्रैक्ट इन्फेक्शन (यूटीआई), निमोनिया और अन्य बैक्टीरियल संक्रमणों के उपचार में इस्तेमाल होने वाली कई दवाओं का प्रभाव लगातार कम हो रहा है। रिपोर्ट में ई. कोलाई बैक्टीरिया पर सेफोटैक्सिम एंटीबायोटिक के प्रभाव को लेकर बताया गया है कि जांच किए गए नमूनों में यह दवा केवल 18.4 प्रतिशत मामलों में ही प्रभावी रही। यह स्थिति संक्रमण के इलाज को पहले की तुलना में अधिक चुनौतीपूर्ण बना सकती है।
सबसे अधिक चिंता उन एंटीबायोटिक दवाओं को लेकर सामने आई है, जिन्हें गंभीर संक्रमणों के उपचार में अंतिम विकल्प के तौर पर इस्तेमाल किया जाता है। कार्बापेनेम्स समूह की दवाएं इसी श्रेणी में आती हैं। जब सामान्य एंटीबायोटिक दवाएं किसी संक्रमण पर असर नहीं करतीं, तब डॉक्टर गंभीर परिस्थितियों में इन शक्तिशाली दवाओं का इस्तेमाल करते हैं। लेकिन आईसीएमआर के आंकड़े बताते हैं कि अब इन दवाओं के प्रति भी बैक्टीरिया में प्रतिरोध बढ़ रहा है।
रिपोर्ट के मुताबिक, क्लेबसिएला निमोनिया बैक्टीरिया पर कार्बापेनेम्स समूह की दवाएं करीब 33 प्रतिशत मामलों में ही प्रभावी पाई गईं। वहीं एसिनेटोबैक्टर बॉमनी के मामले में स्थिति और गंभीर है। अस्पतालों के गहन चिकित्सा कक्षों में भर्ती मरीजों में निमोनिया और रक्त संक्रमण जैसे गंभीर संक्रमणों का कारण बनने वाले इस बैक्टीरिया के 91.1 प्रतिशत नमूनों में कार्बापेनेम्स दवाएं बेअसर पाई गईं।

