दिल्ली पुलिस ने कृष्णा नगर से दबोचा, आरोपी पर पहले से दर्ज हैं 25 आपराधिक मामले।

टाइम्स ऑफ नेशन/संवादददाता

पूर्वी दिल्ली। पूर्वी दिल्ली के लक्ष्मी नगर थाना पुलिस ने झपटमारी के एक मामले में कार्रवाई करते हुए 37 वर्षीय आरोपी मुन्ना उर्फ चेतन को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से झपटा गया एप्पल आईफोन 17 प्रो मैक्स और वारदात में इस्तेमाल की गई गहरे नीले रंग की होंडा एक्टिवा स्कूटी बरामद की है। आरोपी की पहचान सीसीटीवी फुटेज और गुप्त सूचना के आधार पर की गई। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ दिल्ली में झपटमारी, सेंधमारी, चोरी और दुष्कर्म सहित 25 आपराधिक मामलों में संलिप्तता के रिकॉर्ड हैं।

पुलिस के मुताबिक, 2 नवंबर 2026 को लक्ष्मी नगर थाने में झपटमारी की शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायतकर्ता लक्ष्मी नगर स्थित एक पीजी में रहती हैं। उन्होंने बताया कि 2 नवंबर को वह जे एंड के ब्लॉक के पास पैदल जा रही थीं, तभी स्कूटी सवार एक अज्ञात व्यक्ति उनका नारंगी रंग का एप्पल आईफोन 17 प्रो मैक्स झपटकर मुख्य सड़क की ओर फरार हो गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी की तलाश और मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए पुलिस टीम गठित की गई। टीम में हेड कांस्टेबल शैलेंद्र कुमार, हेड कांस्टेबल सचिन त्यागी, कांस्टेबल अजय और कांस्टेबल देवी सिंह को शामिल किया गया। यह टीम एसीपी प्रीत विहार के पर्यवेक्षण और लक्ष्मी नगर थाना प्रभारी के नेतृत्व में जांच में जुटी।

पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तथा गुप्त सूचनाओं के आधार पर संदिग्ध की पहचान करने का प्रयास किया। 3 नवंबर को मिली विशेष सूचना और सीसीटीवी फुटेज के मिलान के बाद पुलिस ने कृष्णा नगर, दिल्ली से मुन्ना उर्फ चेतन को पकड़ लिया। उसके पास से झपटा गया आईफोन और वारदात में इस्तेमाल की गई गहरे नीले रंग की होंडा एक्टिवा स्कूटी बरामद हुई। पुलिस ने वारदात के समय आरोपी द्वारा पहने गए कपड़े भी बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, आरोपी मुन्ना उर्फ चेतन (37) कृष्णा नगर का निवासी है और रैपिडो में काम करता है। उसके खिलाफ पहले से 25 आपराधिक मामलों में संलिप्तता का रिकॉर्ड बताया गया है। बरामद सामान को नियमानुसार जब्त कर आरोपी को कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद गिरफ्तार किया गया। उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। मामले में आगे की जांच जारी है।

पूर्वी जिला पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में झपटमारी और अन्य आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए निगरानी और कार्रवाई जारी रहेगी।

Share.
Leave A Reply

About Us

QUICK LINKS

QUICK LINKS