फिल्म रामायण के सेट से रणबीर कपूर की तस्वीर सामने आई है, जिसमें वह भगवान राम के रूप में बेटी राहा के साथ दिख रहे हैं। आलिया भट्ट ने इसे साझा कर रणबीर के समर्पण की सराहना की।

एंटरटेनमेंट डेस्क, नई दिल्ली। निर्देशक नितेश तिवारी की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायण’ को लेकर दर्शकों में लगातार उत्सुकता बनी हुई है। इसी बीच फिल्म के सेट से सामने आई रणबीर कपूर की एक खास तस्वीर सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गई है। तस्वीर में भगवान राम के किरदार में नजर आ रहे रणबीर अपनी बेटी राहा को बाहों में थामे प्यार से चूमते दिखाई दे रहे हैं। इस भावुक पल को उनकी पत्नी और अभिनेत्री आलिया भट्ट ने सोशल मीडिया पर साझा किया है, जिसे प्रशंसकों का खूब प्यार मिल रहा है।

आलिया भट्ट ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर फिल्म ‘रामायण’ के सेट की कुछ पर्दे के पीछे की तस्वीरें पोस्ट कीं। इनमें रणबीर कपूर भगवान राम के पारंपरिक वेशभूषा में नजर आ रहे हैं। एक तस्वीर में वह अपनी नन्हीं बेटी राहा को गोद में लेकर उसे प्यार करते दिखाई दे रहे हैं। आलिया ने तस्वीर साझा करते समय राहा के चेहरे को छिपाकर उसकी निजता का भी ध्यान रखा।

इस पोस्ट के साथ आलिया ने रणबीर के समर्पण और पिता के रूप में उनके स्नेह की सराहना की। उन्होंने बताया कि रणबीर ने भगवान राम के किरदार को निभाने के लिए पूरी मेहनत और लगन से काम किया है, लेकिन व्यस्त शूटिंग के बावजूद बेटी के लिए उनका प्यार और समय हमेशा बना रहा। आलिया ने फिल्म की पूरी टीम की मेहनत की भी प्रशंसा की।

फिल्म से जुड़ा यह पारिवारिक पल रणबीर के उस बयान की भी याद दिलाता है, जिसमें उन्होंने कहा था कि ‘रामायण’ उनकी जिंदगी में एक खास समय पर आई। एक इंटरव्यू में उन्होंने बताया था कि पिता बनने के बाद वह खुद को एक बेहतर इंसान बनाना चाहते थे और भगवान राम का किरदार उनके लिए आत्मिक बदलाव का अनुभव लेकर आया। रणबीर के मुताबिक, राहा कई बार फिल्म के सेट पर भी उनके साथ आई हैं और फिल्म को लेकर उनकी दिलचस्पी भी है। उन्होंने यह भी बताया था कि ‘रामायण’ राहा की जिंदगी की पहली फिल्म होगी, जिसे वह सिनेमाघर में देखेंगी।

रणबीर कपूर और आलिया भट्ट की निजी जिंदगी भी अक्सर प्रशंसकों के बीच चर्चा में रहती है। करीब पांच साल तक एक-दूसरे को डेट करने के बाद दोनों ने 14 अप्रैल 2022 को शादी की थी। शादी के सात महीने बाद 6 नवंबर 2022 को उनके घर बेटी राहा का जन्म हुआ। दिसंबर 2023 में इस जोड़े ने पहली बार राहा का चेहरा सार्वजनिक रूप से मीडिया के सामने दिखाया था। इसके बाद से ही राहा की तस्वीरें और उनसे जुड़े पल सोशल मीडिया पर प्रशंसकों का ध्यान आकर्षित करते रहे हैं।

Share.
Leave A Reply

About Us

QUICK LINKS

QUICK LINKS