मेरठ के शताब्दीनगर में वर्चस्व की लड़ाई में हुई फायरिंग के मामले में पुलिस की लापरवाही सामने आई है। एसएसपी ने घाट चौकी प्रभारी और बीट सिपाही को निलंबित कर दिया है, जबकि दो आरोपितों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया है।

मेरठ,उत्तर प्रदेश। परतापुर थाना क्षेत्र के शताब्दीनगर में दो गुटों के बीच वर्चस्व की लड़ाई में कुलदीप कसाना को गोली मारने की घटना के बाद पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो गए हैं। मामले में लापरवाही सामने आने पर एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने घाट चौकी प्रभारी अजय प्रताप और बीट कांस्टेबल अंकित नागर को निलंबित कर दिया है। दोनों के खिलाफ विभागीय जांच के आदेश भी दिए गए हैं। उधर, पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। उनकी निशानदेही पर दो तमंचे, कारतूस और वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक बरामद की गई है। घायल कुलदीप को जिला बदर किए जाने की भी जानकारी सामने आई है।
गांव कुंडा निवासी रोहित कसाना ने परतापुर थाने में दर्ज मुकदमे में बताया कि सोमवार रात उसका भाई कुलदीप अपने साथी तेजस और बादल के साथ शताब्दीनगर में हिमांशु के घर जा रहा था। इसी दौरान इंद्रापुरम स्थित पीर वाली गली में शताब्दीनगर निवासी शिवांश उर्फ चिंटू और उसका भाई अक्षय तथा गांव घाट निवासी सागर और निखिल मिल गए। दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ने के बाद फायरिंग शुरू हो गई। इस दौरान एक गोली कुलदीप की पीठ में लग गई। घटना के बाद चिंटू, अक्षय, सागर और निखिल मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने बुधवार सुबह शिवांश उर्फ चिंटू को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद वारदात में इस्तेमाल तमंचे की बरामदगी के लिए पुलिस उसे परतापुर क्षेत्र में एलएंडटी प्लांट के पास स्थित एक निर्माणाधीन इमारत में लेकर पहुंची। पुलिस के अनुसार, इसी दौरान शिवांश के साथी अभिषेक ने पुलिस टीम पर गोली चला दी। जवाबी कार्रवाई के बाद पुलिस ने अभिषेक को भी गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से तमंचा बरामद किया गया, जबकि शिवांश की निशानदेही पर एक अन्य तमंचा मिला। पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर कारतूस और घटना में प्रयुक्त बाइक भी बरामद की है।
जांच में दोनों गुटों के बीच पुरानी रंजिश और वर्चस्व की लड़ाई की बात सामने आई है। बताया गया है कि इससे पहले भी दोनों पक्षों के बीच फायरिंग की घटनाएं हो चुकी हैं। बीती 14 जुलाई को टीपीनगर पुलिस ने वेदव्यासपुरी में हुई फायरिंग के मामले में कुलदीप कसाना और आयुष विश्वकर्मा को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। जमानत पर बाहर आने के बाद कुलदीप का दूसरे गुट से फिर विवाद शुरू हो गया। इस दौरान उसका शिवांश उर्फ चिंटू से भी टकराव हुआ। पिछले कई दिनों से दोनों गुटों के लोगों के शताब्दीनगर क्षेत्र में घूमने की जानकारी सामने आ रही थी।
इसके बावजूद समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं होने पर परतापुर पुलिस की भूमिका सवालों के घेरे में आ गई। घटना के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बीबीजीटीएस मूर्ति ने घाट चौकी प्रभारी अजय प्रताप और बीट कांस्टेबल अंकित नागर को निलंबित कर दिया। साथ ही दोनों के खिलाफ विभागीय जांच के निर्देश दिए हैं। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ कर मामले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका और घटनाक्रम से जुड़े शेष तथ्यों की जांच कर रही है।

