एक नई स्टडी के मुताबिक, डायबिटीज से पीड़ित लोगों में अल्जाइमर रोग का जोखिम 53 प्रतिशत अधिक होता है।

हेल्थ डेस्क, नई दिल्ली। डायबिटीज का असर केवल रक्त में शुगर के स्तर तक सीमित नहीं रहता, बल्कि लंबे समय में यह शरीर के अन्य अंगों और मानसिक क्षमताओं को भी प्रभावित कर सकती है। एक नए अध्ययन में टाइप-2 डायबिटीज और अल्जाइमर रोग के बीच संबंध सामने आया है। शोध के मुताबिक, टाइप-2 डायबिटीज से पीड़ित लोगों में इस बीमारी से मुक्त लोगों की तुलना में अल्जाइमर होने का जोखिम लगभग 53 प्रतिशत अधिक पाया गया है।

ऑस्ट्रेलिया के कर्टिन विश्वविद्यालय के शोधकर्ताओं के नेतृत्व में किए गए इस अध्ययन में पहले प्रकाशित 40 शोधों की व्यवस्थित समीक्षा और मेटा-विश्लेषण किया गया। अध्ययन के निष्कर्ष ‘अल्जाइमर्स रिसर्च एंड थेरेपी’ पत्रिका में प्रकाशित हुए हैं। शोधकर्ताओं के अनुसार, टाइप-2 डायबिटीज से पीड़ित लोगों में प्रति 1,000 व्यक्ति-वर्ष पर अल्जाइमर के लगभग पांच मामले सामने आए। अध्ययन के लेखक इमैनुएल एडेवुयी हैं।

अल्जाइमर एक ऐसी बीमारी है, जिसमें याददाश्त, सोचने-समझने और रोजमर्रा के काम करने की क्षमता धीरे-धीरे प्रभावित होने लगती है। उम्र बढ़ने के साथ इसका जोखिम बढ़ सकता है। अध्ययन में सामने आए निष्कर्ष बताते हैं कि टाइप-2 डायबिटीज से पीड़ित लोगों की देखभाल के दौरान उनके संज्ञानात्मक स्वास्थ्य यानी याददाश्त और मानसिक क्षमता पर भी ध्यान देना जरूरी है।

शोधकर्ताओं ने सुझाव दिया है कि डायबिटीज के उपचार और रोकथाम से जुड़ी योजनाओं में मानसिक स्वास्थ्य तथा संज्ञानात्मक क्षमता की निगरानी को भी शामिल किया जाना चाहिए। हालांकि, अध्ययन में डायबिटीज और अल्जाइमर के बीच जोखिम का संबंध सामने आया है, इसे दोनों बीमारियों के बीच सीधा कारण-परिणाम संबंध नहीं माना जाना चाहिए। विशेषज्ञों के अनुसार, डायबिटीज से पीड़ित लोगों को नियमित स्वास्थ्य जांच, चिकित्सकीय सलाह और रक्त शर्करा पर नियंत्रण को प्राथमिकता देनी चाहिए।

Share.
Leave A Reply

About Us

QUICK LINKS

QUICK LINKS