लखनऊ के हजरतगंज थाना परिसर स्थित महिला थाने में घुसकर ड्यूटी पर तैनात एक महिला कांस्टेबल के साथ बेरहमी से मारपीट की गई।

लखनऊ,उत्तर प्रदेश। राजधानी में महिला सुरक्षा को लेकर पुलिस के दावों के बीच पुलिसकर्मी ही सुरक्षित नजर नहीं आ रही हैं। हजरतगंज थाना परिसर स्थित महिला थाने में ड्यूटी पर तैनात महिला कांस्टेबल के साथ मारपीट का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि महिला कांस्टेबल के पति और जेठ ने थाने के भीतर घुसकर उसके साथ मारपीट की, ईंट से हमला किया और जान से मारने की धमकी दी। बीच-बचाव करने पहुंचे पुलिसकर्मियों के साथ भी अभद्रता और हाथापाई की गई। पीड़िता की शिकायत पर हजरतगंज पुलिस ने पति, जेठ और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
महिला थाने में तैनात कांस्टेबल शशि प्रिया के मुताबिक, बीते शुक्रवार शाम करीब 5:15 बजे वह अपने सरकारी काम में व्यस्त थीं। इसी दौरान आलमबाग निवासी उनके पति भानु बाजपेई महिला थाने पहुंचे। आरोप है कि वहां पहुंचते ही उन्होंने महिला कांस्टेबल पर ईंट फेंककर हमला किया और फिर उनके साथ मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी दी। शोर सुनकर थाने में मौजूद अन्य अधिकारी और कर्मचारी बीच-बचाव के लिए पहुंचे तो आरोपी ने उनके साथ भी गाली-गलौज और हाथापाई शुरू कर दी।
महिला कांस्टेबल ने अपनी शिकायत में यह भी आरोप लगाया है कि इससे पहले 6 अक्टूबर की देर रात करीब 12 बजे भी उनके पति भानु बाजपेई, जेठ अमित बाजपेई और एक अज्ञात व्यक्ति महिला थाना परिसर पहुंचे थे। उस समय थाने में केवल महिला पुलिसकर्मी मौजूद थीं। आरोप है कि तीनों ने थाने में घुसकर पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता और गाली-गलौज की थी। पीड़िता के अनुसार, आरोपियों की ओर से पहले भी इस तरह का व्यवहार किया जा चुका है।
थाना परिसर के भीतर हुई इस घटना को गंभीरता से लेते हुए हजरतगंज थाने में महिला कांस्टेबल की लिखित शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 352 और 351(3) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। नामजद आरोपियों में महिला कांस्टेबल के पति भानु बाजपेई और जेठ अमित बाजपेई शामिल हैं, जबकि एक अज्ञात व्यक्ति को भी आरोपी बनाया गया है।
इंस्पेक्टर हजरतगंज शिवानंद मिश्रा के अनुसार, मामले की जांच के लिए पुलिस टीम गठित की गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच कर साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

