सीबीआई ने महादेव ऑनलाइन सट्टेबाजी ऐप के खिलाफ छह राज्यों में 33 ठिकानों पर छापेमारी कर कई अवैध बेटिंग पैनल ध्वस्त किए हैं। कार्रवाई सौरभ चंद्राकर से पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर हुई।

नई दिल्ली,एजेंसी। महादेव ऑनलाइन बुक सट्टेबाजी ऐप के खिलाफ केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए छह राज्यों में 33 ठिकानों पर छापेमारी की है। पिछले कुछ दिनों में की गई इस कार्रवाई के दौरान अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी नेटवर्क से जुड़े पैनल ऑपरेटरों के ठिकानों की तलाशी ली गई। जांच एजेंसी के मुताबिक, कई स्थानों पर लाइव बेटिंग और जुए के पैनल संचालित होते मिले, जिन्हें मौके पर ही ध्वस्त कर दिया गया। छापेमारी के दौरान मोबाइल फोन, डिजिटल उपकरण और कई आपत्तिजनक दस्तावेज भी जब्त किए गए हैं।

सीबीआई के अनुसार, शुरुआती जांच में जब्त दस्तावेजों और डिजिटल साक्ष्यों से म्यूल बैंक खातों तथा हवाला नेटवर्क के जरिए सट्टेबाजी से हासिल रकम को इधर-उधर करने के संकेत मिले हैं। एजेंसी अब इन खातों, लेन-देन और नेटवर्क से जुड़े लोगों की भूमिका की पड़ताल कर रही है। जांच का उद्देश्य अवैध सट्टेबाजी से अर्जित धन के स्रोत और उसके आगे के लेन-देन की कड़ियों का पता लगाना है।

जांच एजेंसी की यह कार्रवाई महादेव ऑनलाइन बुक ऐप के प्रमुख प्रमोटरों में शामिल सौरभ चंद्राकर से पूछताछ में मिली जानकारियों के आधार पर की गई। सौरभ को ओमान से प्रत्यर्पित किए जाने के बाद एक नवंबर 2026 को गिरफ्तार किया गया था। रायपुर की विशेष सीबीआई अदालत ने उसे आठ दिन की पुलिस हिरासत में भेजा था। पूछताछ के दौरान उसने कथित तौर पर ऐप के संचालन के तरीके और देशभर में फैले पैनल ऑपरेटरों के नेटवर्क से संबंधित जानकारियां दीं। सीबीआई ने जांच के दौरान जुटाए गए दस्तावेजी और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर भी उससे पूछताछ की।

जांच में सामने आया है कि महादेव ऑनलाइन बुक ऐप का मुख्य नेटवर्क विदेश में स्थित केंद्र से संचालित किया जाता था, जबकि भारत में इसकी गतिविधियां पैनल ऑपरेटरों के व्यापक नेटवर्क के माध्यम से चलती थीं। आरोप है कि ये ऑपरेटर ग्राहकों की आईडी तैयार करते थे और सट्टेबाजी के लिए मिलने वाली रकम ऐसे बैंक खातों में जमा कराते थे, जिन्हें कथित तौर पर दूसरे लोगों के नाम पर खुलवाया जाता था या किराये पर लिया जाता था। इसके बाद सट्टेबाजी से होने वाली कमाई को हवाला नेटवर्क के जरिए विदेश भेजे जाने की आशंका है।

पुलिस हिरासत की अवधि समाप्त होने के बाद सौरभ चंद्राकर को 12 नवंबर 2026 को रायपुर की विशेष सीबीआई अदालत में पेश किया गया। अदालत ने उसे 19 नवंबर तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। एजेंसी उससे मिली जानकारियों के आधार पर नेटवर्क के अन्य सदस्यों और आर्थिक लेन-देन से जुड़े लोगों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।

सीबीआई ने बताया कि छत्तीसगढ़ सरकार से जांच अपने हाथ में लेने के बाद महादेव ऑनलाइन बुक मामले में दो प्राथमिकी दर्ज की गई थीं। अब जांच का दायरा बढ़ाते हुए विदेश में मौजूद अन्य आरोपियों, नेटवर्क को संचालित करने में कथित रूप से मदद करने वाले लोगों और संबंधित सरकारी कर्मचारियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि अवैध सट्टेबाजी के इस नेटवर्क को किन लोगों का संरक्षण या सहयोग हासिल था और इसके जरिए अर्जित रकम का इस्तेमाल कहां-कहां किया गया।

Share.
Leave A Reply

About Us

QUICK LINKS

QUICK LINKS