शशांक खेतान अपनी नई फिल्म 'ऐसी दीवानगी देखी नहीं कहीं' के साथ वापसी कर रहे हैं, जो एक रोमांटिक रिवेंज ड्रामा है।

एंटरटेनमेंट डेस्क, नई दिल्ली। फिल्ममेकर शशांक खेतान एक नई रोमांटिक कहानी के साथ दर्शकों के बीच लौट रहे हैं। उनकी आगामी फिल्म ‘ऐसी दीवानगी देखी नहीं कहीं’ के जरिए दो नए चेहरे सुभान और आइरा बॉलीवुड में कदम रखने जा रहे हैं। फिल्म को रोमांटिक रिवेंज ड्रामा बताया गया है, जिसमें प्यार, जुनून और बदले की कहानी देखने को मिलेगी।

सुभान फिल्म निर्माता साजिद नाडियाडवाला और वर्दा नाडियाडवाला के बेटे हैं, जबकि आइरा का असली नाम कियारा बोस रॉय है। वह अभिनेता रोहित रॉय और मानसी जोशी रॉय की बेटी हैं। इससे पहले शशांक खेतान अपनी फिल्म ‘धड़क’ में ईशान खट्टर और जाह्नवी कपूर को मुख्य भूमिकाओं में पेश कर चुके हैं।

फिल्म के निर्माताओं ने टाइटल रिवील वीडियो के जरिए इसकी आधिकारिक घोषणा की है। वीडियो की शुरुआत दो प्रेमियों के रोमांटिक पल से होती है, लेकिन जल्द ही कहानी गंभीर और रहस्यमय मोड़ लेती दिखाई देती है। जारी पोस्टर में सुभान और आइरा एक-दूसरे की बाहों में नजर आते हैं। दोनों के शरीर पर चोट के निशान हैं, जो फिल्म की रोमांटिक कहानी में बदले और संघर्ष के पहलू की ओर संकेत करते हैं। निर्माताओं ने फिलहाल फिल्म की कहानी और किरदारों से जुड़ी विस्तृत जानकारी साझा नहीं की है।

फिल्म के शीर्षक का भी खास कनेक्शन है। ‘ऐसी दीवानगी देखी नहीं कहीं’ नाम साजिद नाडियाडवाला की दिवंगत पूर्व पत्नी दिव्या भारती की फिल्म ‘दीवाना’ के लोकप्रिय गीत से प्रेरित है। इसी फिल्म से शाहरुख खान ने हिंदी सिनेमा में कदम रखा था।

यह फिल्म शशांक खेतान के नए प्रोडक्शन बैनर 214 एंटरटेनमेंट के तहत बनाई जा रही है। इसका निर्माण शशांक खेतान, अमित चंद्रा, नलिनी दत्ता खेतान और करिश्मा ठक्कर ने किया है। फिल्म की कहानी लिखने के साथ-साथ निर्देशन की जिम्मेदारी भी शशांक खेतान ने संभाली है।

फिल्म के संगीत की जिम्मेदारी टी-सीरीज को सौंपी गई है। अमाल मलिक इसके गानों को संगीतबद्ध करने के साथ अपनी आवाज भी देंगे, जबकि गीतों के बोल कुणाल वर्मा ने लिखे हैं। नए कलाकारों की जोड़ी और प्यार-बदले पर आधारित कहानी के चलते फिल्म को लेकर दर्शकों में उत्सुकता बढ़ने की उम्मीद है।

Share.
Leave A Reply

About Us

QUICK LINKS

QUICK LINKS