जूनियर राष्ट्रीय बैडमिंटन चैंपियनशिप के सेमीफाइनल में देशभर से आए युवा खिलाड़ियों ने अपना दम दिखाया। महिला एकल में कर्नाटक का दबदबा देखने को मिला।

युवा खिलाड़ियों ने दिखाया दम

स्पोर्ट्स डेस्क, गंगटोक। पाल्जोर स्टेडियम परिसर स्थित इंडोर बैडमिंटन हॉल में शुक्रवार को योनेक्स-सनराइज 49वीं अंतरराज्यीय एवं अंतर क्षेत्रीय जूनियर राष्ट्रीय बैडमिंटन चैंपियनशिप के सेमीफाइनल मुकाबले खेले गए। देशभर से पहुंचे युवा खिलाड़ियों ने फाइनल में जगह बनाने के लिए शानदार प्रदर्शन किया। कई मुकाबले बेहद रोमांचक रहे और उनका फैसला तीन गेम के संघर्ष के बाद हुआ।

महिला एकल वर्ग में कर्नाटक की शाइना मणिमुथु ने तमिलनाडु की दीक्षा एसआर को कड़े मुकाबले में 15-12, 15-17, 17-15 से पराजित कर फाइनल में जगह बनाई। वहीं, कर्नाटक की ही लक्ष्य राजेश ने राजस्थान की पारुल चौधरी को सीधे गेमों में 15-10, 15-7 से हराकर खिताबी मुकाबले में प्रवेश किया।

पुरुष एकल वर्ग में तेलंगाना के अखिल रेड्डी बोब्बा ने असम के बोर्निल आकाश चांगमई को 15-13, 7-15, 15-6 से शिकस्त दी। दूसरे सेमीफाइनल में तेलंगाना के टंकारा ज्ञान दत्तु तालसिला ने छत्तीसगढ़ के रुधर प्रताप सिंह राणा को 15-7, 15-6 से हराया। इस जीत के साथ पुरुष एकल का फाइनल तेलंगाना के दो खिलाड़ियों के बीच तय हो गया है।

महिला युगल वर्ग में कर्नाटक-हरियाणा की दिवा भीमाजय्या बी. और बारुनी पारश्वाल की जोड़ी ने दिल्ली-तमिलनाडु की इशिता नेगी और वर्णा प्रभुआनंद को 15-5, 10-15, 15-7 से हराया। दूसरे सेमीफाइनल में उत्तराखंड की आन्या बिष्ट और एंजेल पुनेरा ने तमिलनाडु-आंध्र प्रदेश की अनन्या अरुण और दीपिका देवनाबोइना को 9-15, 15-12, 15-10 से पराजित किया। अब फाइनल में दिवा-बारुनी की जोड़ी का सामना आन्या-एंजेल से होगा।

पुरुष युगल वर्ग में छत्तीसगढ़-मणिपुर की दिव्यांश अग्रवाल और अमरजीत सिंह ख्वैराकपम की जोड़ी ने असम-केरल के आनायन बोरा और ब्योर्न जैसन को 15-11, 15-8 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। वहीं, कर्नाटक के पवन एस. और पुनीत एस. ने मणिपुर के रिशव नंगगोम और मांगसुआन वेमाई क्योवियो को 15-10, 9-15, 15-11 से मात दी। खिताब के लिए अब इन दोनों विजेता जोड़ियों के बीच मुकाबला होगा।

मिश्रित युगल वर्ग में कर्नाटक के अमित राज नटराज और सुहिना राय ने अपनी ही राज्य की जोड़ी पुनीत एस. और दीपक राज अदिति को 15-8, 15-13 से हराया। दूसरे सेमीफाइनल में छत्तीसगढ़-तमिलनाडु की दिव्यांश अग्रवाल और वर्णा प्रभुआनंद की जोड़ी ने तेलंगाना के शौर्य किरण जे. और कीर्ति मंचला को 15-13, 15-12 से पराजित किया। इस वर्ग के फाइनल में अमित-सुहिना का मुकाबला दिव्यांश-वर्णा की जोड़ी से होगा।

14 नवंबर से शुरू हुई आठ दिवसीय यह राष्ट्रीय प्रतियोगिता शनिवार, 21 नवंबर को फाइनल मुकाबलों के साथ संपन्न होगी। सेमीफाइनल के नतीजों के बाद सभी वर्गों में खिताबी भिड़ंत तय हो गई है। अब दर्शकों की निगाहें युवा खिलाड़ियों के अंतिम मुकाबलों और चैंपियन बनने के उनके प्रदर्शन पर टिकी हैं।

Share.
Leave A Reply

About Us

QUICK LINKS

QUICK LINKS