महाराष्ट्र से भाजपा के राज्यसभा सांसद रामराव सखाराम वड्कुते का 72 वर्ष की आयु में दिल्ली एम्स में निधन हो गया। दिल का दौरा पड़ने के बाद उन्हें भर्ती कराया गया था; पीएम मोदी ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया है।

नई दिल्ली,एजेंसी। महाराष्ट्र से राज्यसभा सांसद रामराव सखाराम वडकुते का रविवार को नई दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में निधन हो गया। वे 72 वर्ष के थे। दिल का दौरा पड़ने के बाद उन्हें एम्स में भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन से महाराष्ट्र के राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी उनके निधन पर दुख व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि दी।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर अपने शोक संदेश में कहा कि रामराव वडकुते को समाज में उनके योगदान तथा गरीब और वंचित वर्गों की सेवा के प्रति प्रतिबद्धता के लिए याद किया जाएगा। महाराष्ट्र में भाजपा संगठन को मजबूत करने के उनके प्रयास भी उल्लेखनीय रहे। प्रधानमंत्री ने शोक संतप्त परिवार और उनके समर्थकों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
महाराष्ट्र के मराठवाड़ा क्षेत्र में वडकुते की पहचान प्रभावशाली नेताओं के रूप में थी। वे विशेष रूप से धनगर समुदाय से जुड़े मुद्दों को उठाने और उनके हितों की पैरवी करने के लिए जाने जाते थे। इसी वर्ष मार्च में भाजपा ने उन्हें महाराष्ट्र से राज्यसभा का उम्मीदवार बनाया था। अप्रैल 2026 में उन्होंने राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ ली थी।
वडकुते ने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी से की थी। वे वर्ष 2004 से 2019 तक महाराष्ट्र विधान परिषद के सदस्य रहे। अपने सार्वजनिक जीवन के दौरान उन्होंने महाराष्ट्र राज्य सहकारी दुग्ध महासंघ के अध्यक्ष और अहिल्यादेवी होलकर भेड़ एवं बकरी विकास निगम के अध्यक्ष सहित कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं।
उनके निधन पर महाराष्ट्र विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर ने भी शोक व्यक्त किया। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि दिल्ली में दिल का दौरा पड़ने के बाद राज्यसभा सांसद रामराव वडकुते के निधन का समाचार अत्यंत दुखद और पीड़ादायक है।

