त्रिपुरा के सिपाहीजाला जिले में तस्करी से जुड़े एक मामले को लेकर भीड़ के हमले में सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के तीन जवान घायल हो गए।

त्रिपुरा में बीएसएफ जवानों पर हमला

अगरतला,एजेंसी। त्रिपुरा के सिपाहीजाला जिले के बोक्सानगर क्षेत्र स्थित अशाबारी में कथित तस्करों के एक समूह ने सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवानों पर हमला कर दिया। हमलावरों ने जवानों को लाठी-डंडों से पीटा और उनके सर्विस हथियार छीनने की कोशिश की। इस दौरान बीएसएफ के एक कंपनी कमांडर सहित चार जवान घायल हो गए। हमलावरों ने जवानों के सरकारी वाहन में भी तोड़फोड़ की। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना सुबह करीब नौ बजे अशाबारी सीमा चौकी (बीओपी) के अंतर्गत भारत-बांग्लादेश सीमा पर कंटीले तारों के पास गेट संख्या 174 और 175 के नजदीक हुई। बताया गया है कि कुछ लोग कथित तौर पर सीमा पार अवैध सामान ले जाने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान वहां तैनात बीएसएफ की 49वीं बटालियन के जवानों ने उनका पीछा किया। पीछा किए जाने पर संदिग्ध लोग अलग-अलग दिशाओं में भागने लगे।

बीएसएफ जवानों ने एक संदिग्ध व्यक्ति को घटनास्थल से करीब 400 मीटर दूर पकड़ लिया। उसकी पहचान हेफजुर रहमान के रूप में बताई गई है। इसी बीच रहीमपुर कांतामुरा सीमा चौकी के तीन जवान वाहन से बोक्सानगर की ओर जा रहे थे। आरोप है कि रास्ते में कथित तस्करों के एक समूह ने उन्हें घेरकर हमला कर दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के दावों और सामने आए वीडियो फुटेज के मुताबिक, हमलावरों ने जवानों पर लाठी-डंडों से हमला किया और उन्हें जमीन पर गिराकर पीटा। इस दौरान जवानों के सिर में गंभीर चोटें आईं। हमलावरों ने उनके सर्विस हथियार छीनने का भी प्रयास किया। घटना में सरकारी वाहन को भी नुकसान पहुंचाया गया। घायल जवानों को उपचार के लिए बोक्सानगर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।

घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है, जिसमें भीड़ को जवानों की ओर दौड़ते और उन पर हमला करते देखा जा सकता है। सूत्रों ने दावा किया है कि हमलावरों में बांग्लादेश के कुछ नागरिक भी शामिल थे, जो कथित रूप से अशाबारी क्षेत्र में रहकर सीमा पार तस्करी की गतिविधियों में लिप्त थे। हालांकि, इस दावे की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

हमले की सूचना मिलने पर अशाबारी सीमा चौकी से अतिरिक्त बीएसएफ जवान मौके पर पहुंचे। इसके बाद हमलावर अलग-अलग दिशाओं में भाग गए। घटनास्थल के सामने स्थित एक मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में भी वारदात रिकॉर्ड होने की बात कही जा रही है। पुलिस और बीएसएफ के जवानों ने जांच के लिए संबंधित फुटेज अपने कब्जे में लिया है।

घटना के बाद पुलिस और बीएसएफ के वरिष्ठ अधिकारियों ने बोक्सानगर पहुंचकर हालात का जायजा लिया और मामले से जुड़ी परिस्थितियों की समीक्षा की। सीमा क्षेत्र में जवानों पर हुए इस हमले के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और हमले में शामिल लोगों की पहचान तथा उनकी भूमिका का पता लगाया जा रहा है।

Share.
Leave A Reply

About Us

QUICK LINKS

QUICK LINKS