बांग्लादेश की पूर्व प्रधामंत्री शेख हसीना ने भारत स्थित उच्चायोग को अपना पासपोर्ट और राष्ट्रीय पहचान पत्र जारी करने के लिए एप्लीकेशन दी है। उसने एप्लीकेशन पर जवाब देते हुए बांग्लादेश के विदेश राज्य मंत्री हुमायूं कोबिर ने तीखी प्रतिक्रिया दी है।

शेख हसीना के पासपोर्ट एप्लीकेशन पर बांग्लादेश की प्रतिक्रिया

ढाका,एजेंसी। बांग्लादेश की अंतरिम नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री तारिक रहमान के नेतृत्व वाली सरकार ने भारत में रह रहीं पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना को नया पासपोर्ट और राष्ट्रीय पहचान पत्र (एनआईडी) जारी करने से इनकार कर दिया है। शेख हसीना की ओर से नई दिल्ली स्थित बांग्लादेशी उच्चायोग को ई-मेल भेजकर पासपोर्ट और पहचान संबंधी दस्तावेज जारी करने का अनुरोध किया गया था। इस पर बांग्लादेश के विदेश राज्य मंत्री एवं प्रधानमंत्री के विदेश मामलों के सलाहकार हुमायूं कोबिर ने कड़ा रुख अपनाते हुए आवेदन को खारिज करने की बात कही है। उन्होंने भारत से प्रत्यर्पण संधि के तहत शेख हसीना को बांग्लादेश वापस सौंपने की मांग भी की है।

वर्ष 2024 में बांग्लादेश छोड़कर भारत आने के बाद शेख हसीना का पासपोर्ट निरस्त कर दिया गया था। इसके बाद से उनके पास बांग्लादेश का वैध पासपोर्ट और राष्ट्रीय पहचान पत्र नहीं है। बताया गया है कि शेख हसीना की ओर से ब्रिटेन की कानूनी सलाहकार संस्था मैट्रिक्स चैंबर्स ने नई दिल्ली स्थित बांग्लादेशी उच्चायोग को ई-मेल भेजकर आवश्यक दस्तावेज जारी करने का अनुरोध किया। उच्चायोग ने इस आवेदन को आगे की कार्रवाई के लिए बांग्लादेश के विदेश मंत्रालय को भेज दिया।

इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए हुमायूं कोबिर ने शेख हसीना के आवेदन को बेतुका बताते हुए उसकी कानूनी वैधता पर सवाल उठाए। उन्होंने मैट्रिक्स चैंबर्स की भी आलोचना की और शेख हसीना पर गंभीर आरोप लगाए। कोबिर ने उन्हें 1,500 से अधिक लोगों की मौत के लिए जिम्मेदार ठहराते हुए देश छोड़कर भागने का आरोप लगाया। उन्होंने शेख हसीना के लिए कड़ी टिप्पणी करते हुए कहा कि उनकी ओर से इस तरह का आवेदन करना उचित नहीं है।

हुमायूं कोबिर ने भारत-बांग्लादेश प्रत्यर्पण संधि का हवाला देते हुए भारत से शेख हसीना को बांग्लादेश वापस भेजने की मांग की। इस घटनाक्रम से दोनों देशों के बीच कूटनीतिक संबंधों में तनाव बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

गौरतलब है कि शेख हसीना पहले एक वर्चुअल प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस वर्ष के अंत तक बांग्लादेश लौटने की इच्छा जता चुकी हैं। हालांकि, उन्होंने वापसी की कोई निश्चित तारीख घोषित नहीं की थी। उन्होंने यह भी कहा था कि उन्हें स्वदेश लौटने पर गिरफ्तारी या फांसी की सजा का डर नहीं है। पासपोर्ट और पहचान पत्र जारी करने से इनकार तथा प्रत्यर्पण की मांग के बाद उनकी संभावित वापसी को लेकर स्थिति और जटिल हो गई है।

Share.
Leave A Reply

About Us

QUICK LINKS

QUICK LINKS