प्यू रिसर्च सेंटर ने 2020 से 2070 तक दुनिया में धर्मों के भविष्य पर अपनी स्ट़डी प्रकाशित की है। इसमें कहा गया है कि मुसलमानों की आबादी 2035 तक दुनिया में सबसे ज्यादा होगी।

इस्लाम को 2035 में सबसे बड़ा धर्म प्रोजेक्ट करने पर अमेरिका में हंगामा

वॉशिंगटन,एजेंसी। दुनिया में विभिन्न धर्मों की आबादी को लेकर प्यू रिसर्च सेंटर के अनुमानों के बाद अमेरिका में राजनीतिक बहस तेज हो गई है। रिपोर्ट में आने वाले दशकों में मुस्लिम आबादी में उल्लेखनीय वृद्धि का अनुमान जताया गया है। इसी मुद्दे को लेकर अमेरिका के कुछ नेताओं और दक्षिणपंथी टिप्पणीकारों ने चिंता जाहिर की है। हालांकि, जनसंख्या संबंधी इन अनुमानों को लेकर सार्वजनिक बहस में कई तरह के दावे भी सामने आ रहे हैं।

रिपोर्ट के मुताबिक, दुनिया में मुस्लिम आबादी बढ़ने के पीछे प्रमुख कारण इसकी अपेक्षाकृत अधिक प्रजनन दर है। अनुमान है कि वर्ष 2070 तक दुनिया में मुसलमानों की आबादी में करीब 80 प्रतिशत की वृद्धि हो सकती है और यह संख्या लगभग 3.6 अरब तक पहुंच सकती है। इन अनुमानों के आधार पर आने वाले दशकों में इस्लाम दुनिया का सबसे बड़ा धर्म बन सकता है। रिपोर्ट में यह भी अनुमान जताया गया है कि वर्ष 2070 तक पाकिस्तान दुनिया में सबसे अधिक मुस्लिम आबादी वाला देश बन सकता है, जबकि वर्तमान में इस मामले में इंडोनेशिया पहले स्थान पर है। भारत में भी दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी मुस्लिम आबादी होने का अनुमान व्यक्त किया गया है।

अमेरिका में मुस्लिम आबादी में संभावित वृद्धि को लेकर भी चर्चा तेज है। रिपोर्ट में अमेरिकी मुस्लिम आबादी में आने वाले वर्षों में बढ़ोतरी का अनुमान दिया गया है। उपलब्ध विवरण के अनुसार, वर्ष 2035 तक अमेरिका की कुल आबादी में मुसलमानों की हिस्सेदारी करीब चार प्रतिशत तक पहुंचने की बात कही गई है, जबकि वर्तमान हिस्सेदारी लगभग एक से 1.6 प्रतिशत के बीच बताई जा रही है। इसी अनुमान को लेकर अमेरिकी राजनीति में अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं।

टेक्सास से रिपब्लिकन सांसद कीथ सेल्फ ने मुस्लिम आबादी में वृद्धि के मुद्दे को आव्रजन नीति से जोड़ते हुए सवाल उठाए। उन्होंने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा कि अमेरिका की पहचान ईसाई आस्था पर आधारित है और यदि इस दिशा में नियंत्रण नहीं किया गया तो देश अपनी स्वतंत्रता और विरासत खो सकता है। उनके बयान के बाद इस विषय पर राजनीतिक और सामाजिक बहस और तेज हो गई।

अमेरिका की पूर्व प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने भी इस मुद्दे पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने अमेरिकियों से विवाह करने और अधिक बच्चे पैदा करने की अपील करते हुए कहा कि बच्चों का पालन-पोषण चर्च की शिक्षाओं के बीच किया जाना चाहिए और उनमें अमेरिका के प्रति प्रेम की भावना विकसित की जानी चाहिए। वहीं, चार्ली कर्क द्वारा स्थापित संगठन टर्निंग पॉइंट यूएसए ने भी इस मुद्दे पर बयान जारी कर इसे अमेरिका के लिए चेतावनी बताया। संगठन ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा, “समय बीतता जा रहा है, अमेरिका। जाग जाओ।”

रिपोर्ट के अनुमानों ने अमेरिका में जनसंख्या, आव्रजन और धार्मिक पहचान को लेकर नई बहस को जन्म दिया है। एक ओर कुछ राजनीतिक नेता इसे देश की सांस्कृतिक पहचान से जोड़कर देख रहे हैं, वहीं दूसरी ओर धर्म और आबादी से जुड़े आंकड़ों को दीर्घकालिक जनसांख्यिकीय अनुमान के रूप में समझने की जरूरत है। ऐसे अनुमान भविष्य की संभावित परिस्थितियों का आकलन होते हैं, न कि निश्चित रूप से होने वाले बदलावों की गारंटी।

Share.
Leave A Reply

About Us

QUICK LINKS

QUICK LINKS