पाकिस्तान और तुर्की के बीच रक्षा संबंध और ज्यादा मजबूत होगा। तुर्की के वायुसेना प्रमुख जनरल राफेत दालकिरान पाकिस्तान की यात्रा पर पहुंचे हैं। दोनों के बीच ड्रोन और अन्य हथियारों को लेकर बातचीत हुई है।

रावलपिंडी। ऑपरेशन सिंदूर के बाद पाकिस्तान और तुर्की के बीच रक्षा सहयोग को मजबूत करने की कवायद तेज होती दिखाई दे रही है। तुर्की की वायुसेना के प्रमुख जनरल राफेत दालकिरान पाकिस्तान के दौरे पर पहुंचे, जहां उन्होंने फील्ड मार्शल असीम मुनीर और पाकिस्तानी वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल जहीर अहमद बाबर सिद्धू से मुलाकात की। इस दौरान ड्रोन, इलेक्ट्रॉनिक वारफेयर, मानवरहित प्रणालियों और आधुनिक एयरोस्पेस तकनीक में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा हुई।
पाकिस्तानी सेना की ओर से जारी बयान के मुताबिक, जनरल राफेत और असीम मुनीर की मुलाकात में क्षेत्रीय सुरक्षा की स्थिति तथा दोनों देशों के बीच रक्षा संबंधों को मजबूत करने के उपायों पर विचार-विमर्श हुआ। दोनों पक्षों ने सैन्य सहयोग बढ़ाने पर भी जोर दिया।
पाकिस्तानी वायुसेना प्रमुख के साथ बैठक में मानवरहित और स्वायत्त प्रणालियों, इलेक्ट्रॉनिक युद्ध तकनीक, उन्नत एयरोस्पेस क्षमताओं तथा स्वदेशी अनुसंधान, विकास और उत्पादन से जुड़े मुद्दे प्रमुख रहे। दोनों देशों की वायुसेनाओं ने रक्षा और एयरोस्पेस क्षेत्र में सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा की।
पाकिस्तानी वायुसेना प्रमुख सिद्धू ने तुर्की को पायलट प्रशिक्षण में सहयोग का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान अपनी वायुसेना को तकनीकी रूप से आधुनिक और बहुआयामी क्षमता से लैस करने की दिशा में काम कर रहा है।
पाकिस्तान पहले भी तुर्की से बायरकतर श्रेणी के ड्रोन खरीद चुका है और विस्फोटक ड्रोन की खरीद को लेकर भी दोनों देशों के बीच सहयोग की खबरें सामने आती रही हैं। तुर्की ने पाकिस्तान के सामने अपने कान स्टील्थ लड़ाकू विमान को लेकर भी प्रस्ताव रखा है।
ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तान की ओर से इस्तेमाल किए गए तुर्की मूल के ड्रोन को भारतीय वायु रक्षा प्रणालियों द्वारा मार गिराए जाने की खबरें सामने आई थीं। हालांकि, मौजूदा दौरे में तुर्की की ओर से पाकिस्तान को नई सैन्य तकनीक देने का कोई औपचारिक समझौता सार्वजनिक नहीं किया गया है। पाकिस्तान और तुर्की के बीच बढ़ता रक्षा सहयोग क्षेत्रीय सुरक्षा समीकरणों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। दोनों देश सऊदी अरब के साथ रक्षा सहयोग के ढांचे में भी जुड़े हुए हैं।

