भारतीय फुटबॉल टीम ने SAFF चैंपियनशिप के फाइनल में पाकिस्तान को 2-1 से हराकर 10वीं बार खिताब जीता है।

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। भारतीय फुटबॉल टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सैफ चैंपियनशिप के फाइनल में पाकिस्तान को 2-1 से हराकर 10वीं बार खिताब अपने नाम कर लिया। ढाका में खेले गए इस मुकाबले में पिछड़ने के बाद भारतीय खिलाड़ियों ने जोरदार वापसी की और आखिरी क्षणों में निर्णायक गोल दागकर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। टूर्नामेंट के इतिहास में पहली बार दोनों टीमें फाइनल में आमने-सामने थीं।
मुकाबले के पहले हाफ में पाकिस्तान ने 45वें मिनट के अतिरिक्त समय में गोल कर 1-0 की बढ़त बना ली। दूसरे हाफ में भी पाकिस्तानी टीम ने अपनी बढ़त बनाए रखी, लेकिन 59वें मिनट में डिफेंडर जुनैद खान को रेड कार्ड मिलने से टीम को बड़ा झटका लगा।
एक खिलाड़ी कम होने का भारत ने फायदा उठाया। 60वें मिनट में फॉरवर्ड सुहैल अहमद भट ने गोल कर स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया। इसके बाद दोनों टीमों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। मैच के 88वें मिनट में डिफेंडर संदीप मंडी ने शानदार हेडर से गोल दागकर भारत को 2-1 की निर्णायक बढ़त दिला दी।
इस जीत के साथ भारत ने लगातार तीसरी बार सैफ चैंपियनशिप का खिताब जीतकर खिताबी हैट्रिक पूरी की। इससे पहले भारतीय टीम ने 2021 और 2023 में भी ट्रॉफी अपने नाम की थी। भारत इससे पहले 1993, 1997, 1999, 2005, 2009, 2011 और 2015 में भी चैंपियन बना था। ग्रुप चरण में अजेय रहने वाली भारतीय टीम ने फाइनल में भी अपना दबदबा कायम रखते हुए पाकिस्तान को खिताब से दूर कर दिया।

