फ्रांस के अलीरेजा फिरोजा ने बुडापेस्ट में टोटल चेस वर्ल्ड चैंपियनशिप टूर पायलट का खिताब जीता।

अलीरेजा फिरोजा ने जीता खिताब

बुडापेस्ट। फ्रांस के अलीरेजा फिरोजा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए टोटल चेस वर्ल्ड चैंपियनशिप टूर पायलट का खिताब अपने नाम कर लिया। फाइनल में उन्होंने नीदरलैंड के अनीश गिरि को कड़े मुकाबले के बाद आर्मागेडन टाईब्रेकर में पछाड़ा। भारतीय खिलाड़ियों में अर्जुन एरिगेसी सबसे बेहतर रहे और उन्होंने 10वां स्थान हासिल किया। आर. प्रगनानंद 21वें और उनकी बहन आर. वैशाली 24वें स्थान पर रहीं।

फाइनल के पहले दिन अनीश गिरि ने फिरोजा को 11-9 से हराया था। दूसरे दिन फिरोजा ने वापसी करते हुए 12-8 से जीत दर्ज की और मुकाबले को आर्मागेडन तक पहुंचा दिया। चारों ब्लिट्ज मुकाबलों में कड़ा संघर्ष देखने को मिला। गिरि ने सफेद मोहरों से पहला गेम जीता, जबकि फिरोजा ने लगातार दो गेम जीतकर बढ़त बनाई। चौथे गेम में गिरि ने काले मोहरों से जीत हासिल कर स्कोर 2-2 कर दिया।

इसके बाद फिरोजा ने काले मोहरों से पहला रैपिड मुकाबला जीता, जबकि दूसरा गेम ड्रॉ रहा। इससे उन्हें फास्ट क्लासिक मुकाबले से पहले 8-4 की बढ़त मिल गई। गिरि को बिना टाईब्रेकर खिताब जीतने के लिए फास्ट क्लासिक मुकाबला जीतना जरूरी था, लेकिन यह गेम भी ड्रॉ रहा। दोनों खिलाड़ियों को चार-चार अंक मिले और फिरोजा ने दिन का मुकाबला 12-8 से जीतकर स्कोर बराबर कर दिया। इसके बाद आर्मागेडन मुकाबला 35 चालों के बाद ड्रॉ रहा। इस प्रारूप में काले मोहरों से खेलने वाले खिलाड़ी को ड्रॉ का लाभ मिलने के कारण फिरोजा चैंपियन बने, जबकि गिरि को दूसरे स्थान से संतोष करना पड़ा। फाबियानो कारुआना ने मैक्सिम वाशिएर-लाग्रेव को हराकर तीसरा स्थान हासिल किया।

भारतीय खिलाड़ियों के मुकाबलों में अर्जुन एरिगेसी ने नौवें स्थान के लिए खेले गए मैच में शुरुआत में बढ़त बनाई। उन्होंने चार ब्लिट्ज खेलों में तीन और एक रैपिड मुकाबला जीतकर 3-1 की बढ़त हासिल की। हालांकि, हैक मार्टिरोस्यान ने सफेद मोहरों से फास्ट क्लासिक मुकाबला जीतकर दिन का मुकाबला 11-9 से अपने नाम कर लिया। गुरुवार को भी जीत दर्ज करने के कारण मार्टिरोस्यान ने नौवां स्थान पक्का किया और एरिगेसी 10वें स्थान पर रहे।

आर. प्रगनानंद ने अभिमन्यु मिश्रा के खिलाफ बेहतर प्रदर्शन किया। उन्होंने काले मोहरों से फास्ट क्लासिक मुकाबला जीतकर दिन की भिड़ंत 15-5 से अपने नाम की। प्रगनानंद ने ब्लिट्ज मुकाबला 3-1 से जीता, जबकि दोनों रैपिड गेम ड्रॉ रहे। इसके बाद उन्होंने 38 चालों में अंतिम मुकाबला जीतकर 21वां स्थान हासिल किया। इससे पहले गुरुवार को भी उन्होंने 12-8 से जीत दर्ज की थी।

वहीं, आर. वैशाली के लिए प्रतियोगिता निराशाजनक रही। उन्हें उज्बेकिस्तान के नोदिरबेक अब्दुसत्तोरोव के खिलाफ सभी सात गेम में हार का सामना करना पड़ा और वह 24वें स्थान पर रहीं। इससे एक दिन पहले भी उन्हें अब्दुसत्तोरोव के खिलाफ 4-16 से पराजय मिली थी। प्रतियोगिता में पांच स्थान-निर्धारण मुकाबलों का फैसला भी आर्मागेडन टाईब्रेकर के जरिए हुआ।

Share.
Leave A Reply

About Us

QUICK LINKS

QUICK LINKS