ग्वालियर में एक एसएसबी ने जवान ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी है। इसके बाद घर के लोगों को बताया कि हार्ट अटैक से पत्नी का निधन हुआ है। लेकिन 12 साल की बेटी ने पूरा राज खोल दिया है। इसके बाद आरोपी जवान को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

ग्वालियर,मध्य प्रदेश। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में पत्नी की हत्या को स्वाभाविक मौत बताकर मामले को छिपाने की कोशिश का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मुरार थाना क्षेत्र में तैनातगी के दौरान छुट्टी पर आए सीमा सुरक्षा बल (एसएसबी) के एक आरक्षक पर पत्नी की गला घोंटकर हत्या करने का आरोप लगा है। आरोप है कि हत्या के बाद वह पूरी रात पत्नी के शव के पास रहा और अगले दिन शव को गाड़ी में रखकर भिंड जिले स्थित अपने पैतृक गांव पहुंच गया। वहां उसने परिजनों को पत्नी की मौत हृदयाघात से होने की बात बताई, लेकिन शरीर पर चोटों के निशान देखकर मायके पक्ष को संदेह हुआ। इस पूरे मामले में सबसे अहम कड़ी दंपती की 12 वर्षीय बेटी बनी, जिसने अपने मामा को मां की मौत की असली वजह बता दी।
आरोपी की पहचान ज्ञान सिंह जाटव के रूप में हुई है। वह एसएसबी में आरक्षक के पद पर कार्यरत है और उसकी तैनाती जम्मू-कश्मीर में बताई गई है। जानकारी के अनुसार, वह 27 अक्टूबर को करवाचौथ मनाने के लिए छुट्टी लेकर ग्वालियर आया था। उसकी पत्नी रिंकी जाटव बच्चों के साथ खुरैरी इलाके में रहती थी। पुलिस के मुताबिक, घटना से पहले ज्ञान सिंह के पिता उपचार के लिए ग्वालियर आए थे। इलाज पूरा होने के बाद रिंकी ने पति से अपने पिता को भिंड छोड़ने के लिए कहा था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई। रविवार रात पिता को छोड़कर घर लौटने के बाद ज्ञान सिंह ने रिंकी को मोबाइल पर किसी से बात करते देखा। इस पर उसने पत्नी के चरित्र को लेकर संदेह जताया, जिसके बाद विवाद बढ़ गया।
आरोप है कि विवाद के दौरान ज्ञान सिंह ने रिंकी को जमीन पर पटक दिया और उसके सीने पर पैर रखकर गला दबा दिया। उस समय घर में बच्चे भी मौजूद थे। पत्नी की हत्या के बाद आरोपी ने शव को घर में ही रखा और पूरी रात उसी कमरे में शव के पास सोता रहा। इस दौरान उसने बच्चों को घटना के बारे में किसी को बताने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी।
अगली सुबह करीब छह बजे आरोपी ने पत्नी के शव को अपनी गाड़ी में रखा और भिंड जिले के अटेर क्षेत्र के छौंदा गांव पहुंच गया। वहां उसने रिंकी के मायके पक्ष को फोन कर उसकी मौत हृदयाघात से होने की जानकारी दी। आरोपी की ओर से मौत को सामान्य बताने की कोशिश की गई, लेकिन जब परिजन शव देखने पहुंचे तो उन्हें शरीर पर चोटों के निशान दिखाई दिए। घुटनों पर भी गंभीर चोटें थीं। परिजनों ने जब मौत की परिस्थितियों को लेकर सवाल किए तो आरोप है कि ज्ञान सिंह ने अपनी सर्विस पिस्तौल दिखाकर उन्हें डराया और किसी को कुछ नहीं बताने की चेतावनी दी।
इस बीच आरोपी की 12 वर्षीय बेटी ने पिता की धमकियों के बावजूद चुप रहने के बजाय अपने मामा सचिन जाटव को पूरी घटना बता दी। बेटी ने बताया कि उसकी मां की मौत हृदयाघात से नहीं हुई थी, बल्कि उसके पिता ने ही मां को जमीन पर गिराकर सीने पर पैर रखा और गला दबा दिया था। बच्ची से मिली जानकारी के बाद मायके पक्ष के लोगों को घटना की गंभीरता का पता चला। उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी और अंतिम संस्कार की प्रक्रिया रुकवा दी।
इसके बाद परिजन रिंकी का शव लेकर ग्वालियर पहुंचे और मुरार थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने ज्ञान सिंह जाटव के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और फॉरेंसिक जांच के जरिए साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

