अगर आप स्टाइलिंग करना चाहते हैं तो ऐसे में स्ट्रेटनर हमेशा सूखे बालों पर चलाएं, उसे कम या मध्यम तापमान पर रखें और एक दिन छोड़कर से ज्यादा इस्तेमाल न करें।

लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। शादी का सीजन आते ही कपड़ों और मेकअप के साथ हेयर स्टाइलिंग पर भी खास ध्यान दिया जाता है। हल्दी समारोह में खुले कर्ल, संगीत में स्ट्रेट बाल, शादी के दिन भारी जूड़ा और रिसेप्शन पर आकर्षक ब्लो-ड्राई जैसे अलग-अलग लुक अपनाने की चाह रहती है। लगातार कई दिनों तक होने वाली इस स्टाइलिंग में बालों को बार-बार गर्मी का सामना करना पड़ता है। इसका असर धीरे-धीरे रूखेपन, दोमुंहे बालों और टूटने के रूप में दिखाई देने लगता है। हालांकि, कुछ सावधानियां अपनाकर बालों की सेहत को नुकसान पहुंचाए बिना मनचाहा लुक पाया जा सकता है।

बाल मुख्य रूप से केराटिन नामक प्रोटीन से बने होते हैं। स्ट्रेटनर और कर्लिंग रॉड से निकलने वाली अधिक गर्मी बालों की प्रोटीन संरचना और नमी को प्रभावित कर सकती है। इससे बाल कमजोर, बेजान और रूखे होने लगते हैं। खासकर जब कम समय में बार-बार हीट स्टाइलिंग की जाती है, तो नुकसान बढ़ने की आशंका रहती है।

स्टाइलिंग से पहले कुछ जरूरी सावधानियां बरतना बेहद फायदेमंद हो सकता है। स्ट्रेटनर का इस्तेमाल हमेशा पूरी तरह सूखे बालों पर करना चाहिए। गीले या आधे सूखे बालों पर गर्म उपकरण चलाने से बालों को अधिक नुकसान पहुंच सकता है। जहां तक संभव हो, उपकरणों का तापमान कम या मध्यम रखें और बार-बार हीट स्टाइलिंग करने से बचें। स्टाइलिंग से पहले हीट प्रोटेक्टेंट स्प्रे या क्रीम लगाना भी जरूरी है। इसे बालों की लंबाई और खासकर सिरों पर अच्छी तरह लगाना चाहिए।

बाल धोने के बाद उन्हें तौलिए से जोर-जोर से रगड़ने के बजाय हल्के हाथों से पानी सोखना बेहतर है। इसके लिए मुलायम तौलिये या सूती टी-शर्ट का इस्तेमाल किया जा सकता है। ब्लो-ड्रायर चलाने से पहले बालों को कुछ देर प्राकृतिक रूप से सूखने दें, ताकि उन्हें कम समय तक गर्म हवा का सामना करना पड़े।

कर्लिंग रॉड या स्ट्रेटनर का इस्तेमाल करते समय भी सावधानी जरूरी है। बालों की एक ही लट पर उपकरण को बार-बार चलाने से बचें। स्ट्रेटनर को धीरे-धीरे एक बार चलाना बेहतर है, जबकि कर्लिंग रॉड पर बालों को जरूरत से ज्यादा देर तक न रखें। यदि पार्लर में हेयर स्टाइलिंग करवा रही हैं, तो स्टाइलिस्ट से तापमान कम रखने और हीट प्रोटेक्टेंट के इस्तेमाल की बात जरूर करें।

शादी के लगातार होने वाले समारोहों के बीच बालों को आराम देना भी उतना ही जरूरी है। जिस दिन कोई कार्यक्रम न हो, उस दिन हीट स्टाइलिंग से बचें। बाल धोते समय शैंपू मुख्य रूप से स्कैल्प पर लगाएं और कंडीशनर बालों की लंबाई तथा सिरों पर इस्तेमाल करें। उलझे बालों को सुलझाने के लिए चौड़े दांतों वाली कंघी का उपयोग करें और सिरों से धीरे-धीरे ऊपर की ओर कंघी करें। रात में सोने से पहले बालों में लगी पिन और कसकर बनाए गए जूड़े को खोल देना चाहिए।

अगर लगातार तीन-चार दिन समारोह हैं, तो हर दिन बिल्कुल नई हीट स्टाइलिंग कराने की जरूरत नहीं है। पिछले दिन के कर्ल को हल्का संवारकर या बालों की ढीली चोटी बनाकर भी आकर्षक लुक पाया जा सकता है। थोड़ी-सी सावधानी और सही देखभाल से शादी के हर समारोह में बालों की खूबसूरती बरकरार रखी जा सकती है।

Share.
Leave A Reply

About Us

QUICK LINKS

QUICK LINKS