राष्ट्रीय औषधि मूल्य निर्धारण प्राधिकरण द्वारा कैंसर रोधी 1,364 दवा फॉर्मूलेशन के संशोधित अधिकतम खुदरा मूल्य लागू कर दिए गए हैं। इस फैसले से मरीजों को सालाना करीब 3,540.38 करोड़ रुपये की बचत होगी।

बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली। कैंसर मरीजों और उनके परिजनों को बड़ी राहत देते हुए 1,364 दवा फॉर्मूलेशन के संशोधित अधिकतम खुदरा मूल्य (एमआरपी) सोमवार से लागू हो गए हैं। इस फैसले से उपभोक्ताओं को सालाना करीब 3,540.38 करोड़ रुपये की बचत होने का अनुमान है। रसायन एवं उर्वरक मंत्रालय के अनुसार, 679 ब्रांड की कीमतों में 50 प्रतिशत से अधिक की कटौती की गई है, जबकि कुछ दवाओं के दाम अधिकतम 96.45 प्रतिशत तक कम हुए हैं।

आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, औषधि विभाग के तहत कार्यरत राष्ट्रीय औषधि मूल्य निर्धारण प्राधिकरण (एनपीपीए) ने स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के स्वास्थ्य सेवा महानिदेशालय (डीजीएचएस) की ओर से गठित विशेषज्ञ समिति की सिफारिशों के आधार पर 137 कैंसर रोधी दवाओं के अधिकतम खुदरा मूल्य पर व्यापार मार्जिन की सीमा तय की थी। विशेषज्ञ समिति ने 17 अक्टूबर 2026 को अपनी सिफारिशें सौंपी थीं।

मंत्रालय के अनुसार, आठ नवंबर 2026 तक 85 दवा कंपनियों ने 121 दवाओं के 1,364 फॉर्मूलेशन के संशोधित एमआरपी की जानकारी दी है। नई कीमतें लागू होने के बाद मरीजों को कैंसर के इलाज में इस्तेमाल होने वाली कई दवाएं पहले की तुलना में काफी कम कीमत पर उपलब्ध होंगी।

मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि किसी भी दवा विक्रेता या अस्पताल की फार्मेसी को संशोधित अधिकतम खुदरा मूल्य से अधिक कीमत वसूलने की अनुमति नहीं है। उपभोक्ता दवाओं के पैकेट पर दर्ज नए एमआरपी के अलावा ‘फार्मा सही दाम’ मोबाइल ऐप और एनपीपीए की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से भी कीमतों की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

यदि कोई दवा विक्रेता निर्धारित एमआरपी से अधिक रकम वसूलता है या कीमत से संबंधित कोई अन्य समस्या सामने आती है, तो उपभोक्ता ‘फार्मा जन समाधान’ मंच पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं। इसके अलावा एनपीपीए की हेल्पलाइन 1800-111-255 पर भी संपर्क किया जा सकता है।

Share.
Leave A Reply

About Us

QUICK LINKS

QUICK LINKS