अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में अफगान तालिबान और तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) के बीच हिंसक झड़प हुई है। इस झड़प में अफगान तालिबान के तीन लड़ाके मारे गए हैं।

काबुल की सड़कों पर गश्त करते अफगान तालिबान लड़ाके

काबुल,एजेंसी। अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में अफगान तालिबान और तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) के लड़ाकों के बीच हिंसक झड़प की खबर है। रिपोर्टों के मुताबिक, दोनों पक्षों के बीच हुई गोलीबारी में अफगान तालिबान के तीन लड़ाके मारे गए और कई अन्य घायल हो गए। अफगानिस्तान के पूर्व उपराष्ट्रपति अमरुल्ला सालेह ने इस घटना के पीछे पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई की भूमिका होने का दावा किया है। हालांकि, पाकिस्तान और तालिबान की ओर से घटना पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

रिपोर्ट के अनुसार, यह झड़प काबुल के आठवें जिले के सियासंग इलाके में स्थित तालिबान के मिलिट्री इंटेलिजेंस परिसर में हुई। विवाद के बाद दोनों पक्षों के लड़ाकों ने एक-दूसरे पर गोलियां चलाईं। बताया गया है कि इस दौरान सैकड़ों राउंड फायरिंग हुई। घटना में सात लोग घायल हुए, जबकि तीन अफगान तालिबान लड़ाकों की मौत हो गई। हालांकि, झड़प की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।

घायलों का इलाज काबुल के अमीर जानसी अस्पताल में चलने की जानकारी दी गई है। अस्पताल से मिली सूचना के मुताबिक, घायलों में अब्दुल गफूर और मोहम्मद जान भी शामिल हैं। इनमें गफूर पक्तिया प्रांत के जाजी मैदान जिले और मोहम्मद जान काबुल के मुसाही इलाके का निवासी बताया गया है। रिपोर्टों के अनुसार, अफगान तालिबान ने घटना के बाद टीटीपी के कई लड़ाकों को गिरफ्तार भी किया है।

अफगानिस्तान के पूर्व उपराष्ट्रपति अमरुल्ला सालेह ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर इस झड़प का उल्लेख करते हुए कहा कि सात नवंबर को सियासंग स्थित तालिबान के सैन्य खुफिया परिसर में टीटीपी लड़ाकों और उनके अफगान तालिबान सहयोगियों के बीच संघर्ष हुआ, जिसमें कई लोग हताहत हुए। उन्होंने पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई और संबंधित पक्षों की भूमिका पर सवाल उठाए। हालांकि, उनके दावे की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

घटना को लेकर अब तक तालिबान, टीटीपी या पाकिस्तान की ओर से कोई आधिकारिक स्पष्टीकरण नहीं दिया गया है। ऐसे में झड़प के कारणों और इसमें शामिल पक्षों की भूमिका को लेकर स्थिति स्पष्ट होना बाकी है।

Share.
Leave A Reply

About Us

QUICK LINKS

QUICK LINKS