गोवर्धन पूजा के बाद गोबर, खील, बताशे और अन्य पूजा सामग्री का सही निस्तारण अत्यंत महत्वपूर्ण है। इन सामग्रियों का उचित उपयोग करने से सुख-समृद्धि बढ़ती है और भगवान श्रीकृष्ण की विशेष कृपा प्राप्त होती है।

धर्म डेस्क, नई दिल्ली। गोवर्धन पूजा का हिंदू धर्म में विशेष महत्व है। इस दिन भगवान श्रीकृष्ण और गोवर्धन पर्वत की पूजा की जाती है। परंपरा के अनुसार, घरों में गाय के गोबर से गोवर्धन पर्वत और भगवान श्रीकृष्ण की आकृति बनाकर अन्नकूट का भोग लगाया जाता है। धार्मिक मान्यता है कि विधि-विधान से पूजा करने पर सुख-समृद्धि आती है और भगवान श्रीकृष्ण की कृपा प्राप्त होती है। पूजा के बाद गोबर और अन्य पूजन सामग्री को फेंकने के बजाय उनका सम्मानपूर्वक सदुपयोग करना चाहिए।
गोवर्धन पर्वत बनाने में इस्तेमाल किए गए गाय के गोबर से पूजा के अगले दिन छोटे-छोटे उपले बनाए जा सकते हैं। इन्हें धूप में सुखाकर हवन, पूजा-पाठ या धूप-गुग्गल के लिए इस्तेमाल किया जा सकता है। इसके अलावा गोबर को पेड़-पौधों और गमलों की मिट्टी में मिलाकर प्राकृतिक खाद के रूप में उपयोग किया जा सकता है। यदि उपले बनाना संभव न हो तो गोबर को किसी पेड़ की जड़ के पास मिट्टी में मिला दें।
पूजा में चढ़ाए गए अन्नकूट, पूरी, मिठाई, खील और बताशों को प्रसाद के रूप में परिवार के सदस्यों और अन्य लोगों में बांटना चाहिए। बची हुई खील को पक्षियों के दाने के रूप में इस्तेमाल किया जा सकता है। इससे प्रसाद का सदुपयोग भी होगा और जीव-जंतुओं को भोजन भी मिलेगा।
इसी तरह पूजा में अर्पित फूल, मालाएं, तुलसी दल और दूर्वा को कूड़ेदान में डालने के बजाय सुखाकर खाद बनाई जा सकती है। इन्हें किसी पवित्र पेड़ की जड़ के पास मिट्टी में दबाना भी एक पारंपरिक तरीका है। इस तरह पूजन सामग्री का सम्मान बनाए रखते हुए पर्यावरण के अनुकूल उसका उपयोग किया जा सकता है।

