दीवाली के दूसरे दिन दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना ₹500 गिरकर ₹1,46,400 प्रति 10 ग्राम पर आ गया, जबकि चांदी स्थिर रही।

बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली। दिवाली के दूसरे दिन मंगलवार को राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में सोने की कीमतों में नरमी दर्ज की गई। कमजोर वैश्विक संकेतों और अमेरिकी डॉलर में मजबूती के चलते सोना 500 रुपये टूटकर 1,46,400 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया। इससे पिछले कारोबारी सत्र सोमवार को 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने का भाव 1,46,900 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। वहीं, चांदी की कीमत लगातार दूसरे कारोबारी सत्र में 1,92,500 रुपये प्रति किलोग्राम पर स्थिर रही।
बाजार विशेषज्ञों के मुताबिक, अंतरराष्ट्रीय बाजार में कमजोरी और डॉलर की मजबूती से घरेलू स्तर पर सोने की कीमतों पर दबाव बना हुआ है। दिवाली के दौरान सोने की खरीदारी कमजोर रहने से भी भाव को खास सहारा नहीं मिला। अंतरराष्ट्रीय बाजार में हाजिर सोना 27.59 डॉलर यानी करीब एक प्रतिशत गिरकर 4,113.55 डॉलर प्रति औंस पर आ गया। चांदी भी एक प्रतिशत से अधिक फिसलकर 52.77 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करती रही।
निवेशकों की नजर अब वैश्विक बाजार की गतिविधियों और अमेरिका के आगामी महंगाई आंकड़ों पर है। निवेश मंच मुद्रेक्स के प्रमुख क्वांट विश्लेषक अक्षत सिद्धांत के अनुसार, अमेरिकी मुद्रास्फीति के आंकड़े जारी होने से पहले कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट आई है, जिससे महंगाई को लेकर चिंताएं कुछ कम हुई हैं। हालांकि, पिछले कारोबारी सत्र में एक प्रतिशत की तेजी के बावजूद सोना 4,100 डॉलर प्रति औंस के आसपास बना हुआ है।
उन्होंने बताया कि अमेरिका और ईरान के बीच संघर्ष समाप्त होने की उम्मीदों के बीच मंगलवार को ब्रेंट क्रूड ऑयल का भाव 2.72 डॉलर यानी करीब तीन प्रतिशत गिरकर 89.85 डॉलर प्रति बैरल से नीचे आ गया। विशेषज्ञों का मानना है कि कच्चे तेल की कीमतों में नरमी से महंगाई का दबाव घट सकता है, लेकिन डॉलर की चाल और वैश्विक बाजारों में उतार-चढ़ाव का असर निकट भविष्य में सोने-चांदी की कीमतों पर बना रह सकता है। अब बाजार की नजर अमेरिकी महंगाई के आंकड़ों पर है, जिनसे फेडरल रिजर्व की ब्याज दरों को लेकर आगे की नीति के संकेत मिल सकते हैं।

