भारत में प्रतिकूल मौसम के कारण 2026-27 सीज़न में कपास उत्पादन 5 लाख गांठ घटने का अनुमान है, जिससे वैश्विक उत्पादन भी प्रभावित होगा।

बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली। भारत के तेजी से विकसित हो रहे टेक्सटाइल सेक्टर के सामने आने वाले समय में कच्चे माल की उपलब्धता और कीमतों को लेकर चुनौतियां बढ़ सकती हैं। अमेरिकी कृषि विभाग (यूएसडीए) ने वर्ष 2026-27 के कपास सीजन में वैश्विक उत्पादन में गिरावट का अनुमान जताया है। विभाग की मंगलवार को जारी मासिक वैश्विक कपास बाजार रिपोर्ट के मुताबिक, दुनिया का कुल कपास उत्पादन करीब पांच लाख गांठ घटकर 11.75 करोड़ गांठ रह सकता है। भारत, अमेरिका और तुर्किये में उत्पादन कम होने से वैश्विक आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका है। हालांकि, चीन और ऑस्ट्रेलिया में उत्पादन बढ़ने से इस गिरावट का कुछ असर कम हो सकता है।

रिपोर्ट के अनुसार, दुनिया के दूसरे सबसे बड़े कपास उत्पादक भारत का उत्पादन पांच लाख गांठ घटकर 2.35 करोड़ गांठ रहने का अनुमान है। इसके पीछे प्रतिकूल मौसम परिस्थितियों को प्रमुख वजह बताया गया है। कपास उत्पादन में कमी का असर घरेलू कपड़ा उद्योग के लिए महत्वपूर्ण हो सकता है, क्योंकि कपास टेक्सटाइल और गारमेंट उद्योग का प्रमुख कच्चा माल है। उत्पादन घटने की स्थिति में घरेलू मांग पूरी करने के लिए आयात पर निर्भरता बढ़ने की आशंका भी बनी रह सकती है।

दूसरी ओर, दुनिया के सबसे बड़े कपास उत्पादक चीन के उत्पादन अनुमान में पांच लाख गांठ की बढ़ोतरी की गई है। यूएसडीए के मुताबिक, चीन में बेहतर उत्पादकता के चलते उत्पादन बढ़कर 3.40 करोड़ गांठ पहुंच सकता है। इससे वैश्विक बाजार में भारत और चीन के कपास उत्पादन के बीच अंतर और बढ़ने का अनुमान है।

अमेरिका में भी कपास उत्पादन घटने की संभावना जताई गई है। दुनिया के प्रमुख कपास उत्पादकों में शामिल अमेरिका का उत्पादन 2.67 लाख गांठ कम होकर 1.318 करोड़ गांठ रहने का अनुमान है। वहीं, दुनिया के सबसे बड़े कपास निर्यातक ब्राजील का उत्पादन 1.90 करोड़ गांठ पर बरकरार रखा गया है। तुर्किये में उत्पादन घटने के कारण उसके कपास आयात का अनुमान तीन लाख गांठ बढ़ाकर 53 लाख गांठ कर दिया गया है।

वैश्विक कपास कारोबार की बात करें तो वर्ष 2026-27 में कुल निर्यात एक लाख गांठ से अधिक बढ़कर 4.48 करोड़ गांठ रहने का अनुमान है। इसमें आइवरी कोस्ट और मिस्र से होने वाली अतिरिक्त आपूर्ति की अहम भूमिका रहने की संभावना है। रिपोर्ट के मुताबिक, ब्राजील से 1.60 करोड़ गांठ और अमेरिका से 1.23 करोड़ गांठ कपास निर्यात किया जा सकता है। ऑस्ट्रेलिया का निर्यात अनुमान 45 लाख गांठ पर बरकरार रखा गया है।

उत्पादन में संभावित गिरावट के साथ वैश्विक कपास खपत में भी कमी का अनुमान है। यूएसडीए ने वर्ष 2026-27 के लिए खपत का अनुमान तीन लाख गांठ से अधिक घटाकर 12.27 करोड़ गांठ कर दिया है। मांग में कमजोरी को देखते हुए बांग्लादेश के कपास आयात अनुमान में भी दो लाख गांठ की कटौती की गई है। इससे स्पष्ट है कि वैश्विक कपास बाजार में आपूर्ति और मांग, दोनों पक्षों में बदलाव देखने को मिल सकता है।

भारत के लिए यह स्थिति इसलिए महत्वपूर्ण है, क्योंकि टेक्सटाइल और गारमेंट उद्योग देश के प्रमुख रोजगार देने वाले क्षेत्रों में शामिल है। इस क्षेत्र से बड़ी संख्या में श्रमिक, कारीगर और छोटे-बड़े कारोबारी जुड़े हैं। भारत घरेलू कपास उत्पादन के साथ-साथ जरूरत के अनुसार विदेशों से भी कपास आयात करता है। कपड़ा उद्योग पर बढ़ते लागत दबाव को देखते हुए सरकार ने कपास के शुल्क-मुक्त आयात की अवधि 31 दिसंबर 2026 तक बढ़ाई है।

वैश्विक स्तर पर कपास उत्पादन में गिरावट और घरेलू उत्पादन में कमी का असर भारतीय कपड़ा उद्योग की लागत पर पड़ सकता है। यदि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कपास की उपलब्धता सीमित होती है या कीमतों में तेजी आती है तो इसका प्रभाव सूत, कपड़े और तैयार परिधानों के उत्पादन पर भी दिखाई दे सकता है। हालांकि, इसका वास्तविक असर घरेलू फसल, आयात की उपलब्धता, अंतरराष्ट्रीय कीमतों और उद्योग की मांग पर निर्भर करेगा।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में चीन और बांग्लादेश का टेक्सटाइल एवं गारमेंट उद्योग मजबूत प्रतिस्पर्धी के रूप में मौजूद है। ऐसे में कच्चे माल की लागत भारतीय उद्योग की प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता को प्रभावित कर सकती है। आने वाले महीनों में कपास उत्पादन, आयात और कीमतों की स्थिति पर कपड़ा उद्योग की विशेष नजर रहेगी।

Share.
Leave A Reply

About Us

QUICK LINKS

QUICK LINKS