रामायण में माता सीता को त्याग, धैर्य और पतिव्रता धर्म की प्रतिमूर्ति के रूप में जाना जाता है, लेकिन क्या उनका एक वीर योद्धा रूप भी था?

धर्म डेस्क, नई दिल्ली। रामकथा में माता सीता को सामान्यतः त्याग, धैर्य, करुणा और मर्यादा की प्रतिमूर्ति के रूप में याद किया जाता है। लेकिन रामायण परंपरा के कुछ ग्रंथों में उनका एक ऐसा स्वरूप भी वर्णित है, जिसमें वह दुष्ट शक्तियों का संहार करने वाली आदिशक्ति के रूप में सामने आती हैं। हाल ही में रिलीज हुई फिल्म ‘रामायण’ में युद्धभूमि में माता सीता के शक्तिशाली स्वरूप को लेकर चर्चा तेज हुई है। इसी के साथ यह सवाल भी उठ रहा है कि क्या माता सीता ने कभी शस्त्र धारण कर युद्ध किया था? इस प्रसंग का उल्लेख वाल्मीकि रामायण में नहीं, बल्कि ‘अद्भुत रामायण’ में मिलता है।
‘अद्भुत रामायण’ में वर्णित कथा के अनुसार, भगवान श्रीराम द्वारा रावण का वध किए जाने के बाद अयोध्या में उनका राज्य स्थापित हो चुका था। इसी दौरान महर्षि अगस्त्य भगवान राम से मिलने पहुंचे। श्रीराम ने उनका आदर-सत्कार किया और कहा कि रावण के अंत के साथ संसार उसके आतंक से मुक्त हो गया है तथा सभी लोकों में शांति स्थापित हो गई है। लेकिन महर्षि अगस्त्य ने उन्हें बताया कि युद्ध में मारा गया दस सिरों वाला रावण सबसे बड़ा संकट नहीं था। उससे भी अधिक शक्तिशाली एक अन्य राक्षस अभी जीवित है, जिसका अंत होना बाकी है।
महर्षि अगस्त्य ने उस राक्षस का नाम सहस्र रावण बताया। कथा के अनुसार, वह दक्षिणी समुद्र से आगे क्षीरसागर के निकट पुष्कर द्वीप में रहता था। उसके एक हजार सिर और दो हजार भुजाएं थीं। उसे दस सिरों वाले रावण से भी अधिक शक्तिशाली बताया गया है। महर्षि अगस्त्य की बात सुनकर भगवान श्रीराम ने सहस्र रावण का अंत करने का संकल्प लिया और हनुमान, सुग्रीव, विभीषण सहित वानर सेना के साथ पुष्कर द्वीप की ओर प्रस्थान किया।
कथा में आगे बताया गया है कि सहस्र रावण के सामने पहुंचकर भगवान राम ने युद्ध आरंभ किया। उन्होंने अपने कोदंड धनुष पर बाण चढ़ाया और ब्रह्मास्त्र का आह्वान किया। ब्रह्मास्त्र तेज प्रकाश के साथ राक्षस की ओर बढ़ा, लेकिन सहस्र रावण ने उसे अपने एक मुख से निगल लिया। इसके बाद उसने युद्धभूमि में उपस्थित योद्धाओं को पराजित करना शुरू कर दिया और भगवान राम को भी मूर्छित कर दिया। श्रीराम की यह स्थिति देखकर वानर सेना और उनके सहयोगी चिंतित हो उठे।
‘अद्भुत रामायण’ के इसी प्रसंग में माता सीता के अद्भुत शक्ति स्वरूप का वर्णन मिलता है। कथा के अनुसार, जब सहस्र रावण मूर्छित पड़े भगवान राम पर अंतिम प्रहार करने के लिए आगे बढ़ा, तब माता सीता ने महाकाली का विकराल रूप धारण किया। उनका स्वरूप विशाल होने लगा और उनकी भुजाओं की संख्या बढ़ती गई। उनके हाथों में अनेक अस्त्र-शस्त्र प्रकट हुए। क्रोध से उनकी आंखें लाल हो गईं और उनका रूप इतना प्रचंड हो गया कि सहस्र रावण भी भयभीत हो उठा।
इसके बाद माता सीता ने महाकाली के रूप में सहस्र रावण पर आक्रमण किया। कथा के अनुसार, उन्होंने उसके एक-एक सिर को धड़ से अलग कर दिया और देखते ही देखते राक्षस का संहार कर दिया। उसके कटे हुए सिरों की माला बनाकर माता सीता ने अपने गले में धारण कर ली। इस तरह ‘अद्भुत रामायण’ में माता सीता को केवल सहनशीलता और करुणा की प्रतिमूर्ति ही नहीं, बल्कि अधर्म और दुष्ट शक्तियों का विनाश करने वाली महाशक्ति के रूप में भी प्रस्तुत किया गया है।
यह ध्यान रखना जरूरी है कि सहस्र रावण और माता सीता के महाकाली रूप का यह प्रसंग रामकथा की एक विशेष ग्रंथ-परंपरा से जुड़ा है। वाल्मीकि रामायण में इस घटना का उल्लेख नहीं मिलता। रामकथा के अलग-अलग ग्रंथों और परंपराओं में कथानक तथा पात्रों के स्वरूप में भिन्नताएं मिलती हैं। ‘अद्भुत रामायण’ का यह प्रसंग माता सीता के शक्ति स्वरूप की एक विशिष्ट धार्मिक और साहित्यिक व्याख्या प्रस्तुत करता है, जिसमें वह धर्म की रक्षा और अधर्म के विनाश के लिए स्वयं आदिशक्ति के रूप में प्रकट होती हैं।

