दही और मसालों के साथ मिश्रण के साथ जिमीकंद (सूरन) की स्वादिष्ट करी बनाई जा सकती है।

लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। सर्दियों के मौसम में बाजार में मिलने वाला सूरन यानी जिमीकंद स्वाद और सेहत दोनों के लिहाज से पसंद किया जाता है। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ समेत कई राज्यों में इसकी सब्जी अलग-अलग तरीकों से बनाई जाती है। बिहार के कुछ इलाकों में इसे ‘ओल की करी’ के नाम से भी जाना जाता है। अगर आप रोजमर्रा की सब्जियों से हटकर कुछ नया स्वाद चखना चाहते हैं, तो दही, टमाटर और पारंपरिक मसालों से तैयार सूरन की यह सब्जी आपके खाने का जायका बढ़ा सकती है।
इस सब्जी को बनाने के लिए 250 ग्राम सूरन, दो से तीन टमाटर, एक बड़ा प्याज, दो हरी मिर्च, एक इंच अदरक का टुकड़ा, एक छोटी कटोरी दही, एक नींबू, दो चुटकी हींग, एक चम्मच जीरा, एक चम्मच धनिया पाउडर, एक चौथाई चम्मच हल्दी, लाल मिर्च और गरम मसाला, दो से तीन चम्मच बारीक कटा हरा धनिया, तेल और स्वादानुसार नमक की जरूरत होगी।
सबसे पहले सूरन को अच्छी तरह धोकर साफ कर लें। इसे छीलने से पहले हाथों पर तेल लगा लें, क्योंकि कच्चे जिमीकंद को छूने से कुछ लोगों को हाथों में खुजली या जलन हो सकती है। अब इसे छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें और उन पर नींबू का रस लगाकर करीब आधे घंटे के लिए अलग रख दें। तय समय के बाद टुकड़ों को साफ पानी से अच्छी तरह धो लें।
अब प्याज, हरी मिर्च और अदरक को मिक्सी में डालकर बारीक पेस्ट तैयार कर लें। टमाटर का भी अलग से पेस्ट बना लें। इसके बाद कड़ाही में तेल गर्म करें और उसमें हींग तथा जीरा डालकर हल्का भूनें। अब प्याज-अदरक-हरी मिर्च का पेस्ट डालकर धीमी आंच पर पकाएं। इसमें हल्दी, धनिया पाउडर, लाल मिर्च और गरम मसाला मिलाकर करीब पांच मिनट तक भूनें, ताकि मसालों का कच्चापन दूर हो जाए।
इसके बाद टमाटर का पेस्ट डालकर लगभग एक मिनट तक पकाएं। फिर दही मिलाएं और लगातार चलाते रहें, जिससे दही फटे नहीं और मसाले के साथ अच्छी तरह मिल जाए। अब धुले हुए सूरन के टुकड़े डालकर मसाले में अच्छी तरह मिलाएं। ग्रेवी को हल्का गाढ़ा रखने के लिए जरूरत के अनुसार पानी डालें और स्वादानुसार नमक मिलाएं।
कड़ाही को ढककर मध्यम से धीमी आंच पर पकाएं। बीच-बीच में सब्जी चलाते रहें, ताकि जिमीकंद नीचे चिपके नहीं और समान रूप से पक जाए। जब सूरन के टुकड़े पूरी तरह नरम हो जाएं और मसाला अच्छी तरह पक जाए, तब गैस बंद कर दें। आखिर में बारीक कटा हरा धनिया डालकर सब्जी को सजाएं।
गरमा-गरम सूरन की सब्जी रोटी, पराठे या चावल के साथ परोसी जा सकती है। इसकी मसालेदार और हल्की गाढ़ी ग्रेवी खाने को खास स्वाद देती है। ध्यान रखें कि जिमीकंद को पूरी तरह पकाकर ही खाएं और छीलते समय हाथों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें।

