प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिन की यात्रा पर फिलीपींस पहुंचे हैं। इस दौरान उन्होंने मंगलवार को मनीला में 125 साल पुराने ऐतिहासिक गुरुद्वारा खालसा दीवान का दौरा किया। पीएम मोदी ने गुरुद्वारे में माथा टेका और पुनर्विकास कार्यों के शुरुआत की आधारशिला र

मनीला,फिलीपींस। फिलीपींस की दो दिवसीय यात्रा पर पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को राजधानी मनीला स्थित ऐतिहासिक गुरुद्वारा खालसा दीवान में माथा टेका। इस दौरान उन्होंने गुरुद्वारे के पुनर्विकास कार्यों की शुरुआत के अवसर पर आयोजित समारोह में हिस्सा लिया और संगत की मौजूदगी में आधारशिला रखी। प्रधानमंत्री ने गुरुद्वारे में कारसेवा भी की। बाद में उन्होंने सोशल मीडिया पर कार्यक्रम की तस्वीरें साझा करते हुए यहां पहुंचने को अपना सौभाग्य बताया।
प्रधानमंत्री मोदी ने मनीला पहुंचने के एक दिन पहले ही गुरुद्वारा खालसा दीवान के कार्यक्रम को लेकर उत्साह जताया था। उन्होंने कहा था कि 17 नवंबर का दिन विशेष होगा, क्योंकि उन्हें एक सदी से अधिक पुराने इस ऐतिहासिक गुरुद्वारे के पुनर्विकास कार्यों की शुरुआत के समारोह में शामिल होने का अवसर मिलेगा। भारतीय विदेश मंत्रालय के अनुसार, इस कार्यक्रम में फिलीपींस के सीनेटर फ्रांसिस जोसेफ एस्कुडेरो और मनीला के मेयर फ्रांसिस्को इस्को मोरेनो भी मौजूद रहे।
वर्ष 1901 में स्थापित गुरुद्वारा खालसा दीवान को फिलीपींस का सबसे पुराना गुरुद्वारा माना जाता है। वर्ष 1903 में इसका विधिवत गठन हुआ और 1924 में इसे खालसा दीवान के रूप में पंजीकृत किया गया। यह गुरुद्वारा फिलीपींस में बसे भारतीय-सिख समुदाय के लिए धार्मिक और सांस्कृतिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र है। साथ ही, यह स्थानीय फिलीपीनी समाज के साथ सामुदायिक और परोपकारी कार्यों के जरिए संबंध मजबूत करने में भी भूमिका निभाता है।
प्रधानमंत्री मोदी अपनी यात्रा के दौरान 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन और 21वें पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में भी हिस्सा लेंगे। विदेश मंत्रालय के मुताबिक, आसियान-भारत सम्मेलन में दोनों पक्षों के बीच व्यापक रणनीतिक साझेदारी की प्रगति की समीक्षा की जाएगी। इसके साथ ही वर्ष 2026 से 2030 तक के लिए प्रस्तावित आसियान-भारत कार्ययोजना पर भी चर्चा होगी। प्रधानमंत्री की यह यात्रा भारत की ‘एक्ट ईस्ट नीति’ और हिंद-प्रशांत क्षेत्र को लेकर उसकी प्राथमिकताओं के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

