केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने मिस्र यात्रा में इलेक्ट्रिक वाहन और नवीकरणीय ऊर्जा सहित कई क्षेत्रों में साझेदारी की संभावनाएं तलाशीं। 100 सदस्यीय भारतीय प्रतिनिधिमंडल के साथ उन्होंने व्यापार और निवेश बढ़ाने के लिए कई बैठकें कीं।

बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली। भारत और मिस्र के बीच व्यापार एवं निवेश संबंधों को नई गति देने के लिए वाहन विनिर्माण, इलेक्ट्रिक वाहन, नवीकरणीय ऊर्जा और डिजिटल भुगतान सहित कई क्षेत्रों में सहयोग की संभावनाएं तलाशी जा रही हैं। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने मिस्र की नवीकरणीय ऊर्जा कंपनी इन्फिनिटी एनर्जी के चेयरमैन मोहम्मद इस्माइल मंसूर के साथ बैठक कर इन क्षेत्रों में संभावित साझेदारी पर चर्चा की।

गोयल ने सोमवार को सोशल मीडिया पर बैठक की जानकारी साझा करते हुए कहा कि मिस्र के प्रमुख कारोबारी भारत के साथ अपने व्यावसायिक संबंध बढ़ाने में रुचि दिखा रहे हैं। उन्होंने कहा कि वाहन विनिर्माण, इलेक्ट्रिक वाहन, वाहन कलपुर्जे, वित्तीय प्रौद्योगिकी, डिजिटल भुगतान, नवीकरणीय ऊर्जा, लॉजिस्टिक्स, भंडारण और आपूर्ति श्रृंखला जैसे क्षेत्रों में दोनों देशों के बीच सहयोग की व्यापक संभावनाएं हैं।

मंत्री के अनुसार, भारत का बड़ा और तेजी से बढ़ता बाजार, मजबूत विनिर्माण आधार, कुशल कार्यबल तथा निवेश के अनुकूल माहौल मिस्र के कारोबारियों को भारत की विकास यात्रा से जुड़ने का अवसर प्रदान करता है। गोयल ने काहिरा की अपनी दो दिवसीय यात्रा के दौरान भारत और मिस्र के बीच व्यापार एवं निवेश बढ़ाने के उद्देश्य से राजनीतिक नेतृत्व और कारोबारी प्रतिनिधियों के साथ कई बैठकें कीं। इस दौरान उन्होंने 100 से अधिक सदस्यों वाले भारतीय कारोबारी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व किया।

भारत और मिस्र द्विपक्षीय व्यापार तथा निवेश को बढ़ावा देने के लिए संभावित व्यापार समझौते पर भी विचार कर रहे हैं। दोनों देशों का लक्ष्य अगले पांच वर्षों में आपसी व्यापार को दोगुना कर 12 अरब डॉलर तक पहुंचाना है। इस दिशा में कारोबारी संपर्क और विभिन्न क्षेत्रों में साझेदारी को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

भारतीय कारोबारी प्रतिनिधिमंडल में शामिल तमिलनाडु स्थित फ्लोरेंस शू कंपनी के चेयरमैन अकील पनारुना ने कहा कि भारत और मिस्र के आर्थिक संबंधों को आगे बढ़ाने की काफी संभावनाएं हैं। वहीं, टीडब्ल्यूआई समूह के समूह प्रबंध निदेशक उत्तम सिंघल ने बताया कि यात्रा के दौरान उन्हें उन क्षेत्रों की संभावनाओं को समझने का अवसर मिला, जहां उनकी कंपनी मिस्र की कंपनियों के साथ मिलकर काम कर सकती है। उन्होंने कहा कि विनिर्माण सहित कई क्षेत्रों में दोनों देशों के कारोबारी आपसी सहयोग के नए अवसर तलाश सकते हैं।

Share.
Leave A Reply

About Us

QUICK LINKS

QUICK LINKS