सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन ने एक वकील के खिलाफ आपराधिक अवमानना की कार्यवाही शुरू करने की मांग की है, जिसने सीजेआई सूर्यकांत के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी की थी।

नई दिल्ली,एजेंसी। भारत के मुख्य न्यायाधीश (सीजेआई) सूर्यकांत के खिलाफ अदालत में कथित अपमानजनक टिप्पणी करने वाले एक वकील के मामले में सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन ने आपराधिक अवमानना की कार्यवाही शुरू करने की मांग की है। बार एसोसिएशन ने इस संबंध में याचिका दायर करने के लिए अटॉर्नी जनरल की सहमति मिलने की जानकारी दी है। सुप्रीम कोर्ट ने इस मांग पर बुधवार को सुनवाई करने पर सहमति जताई है।
सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन की सचिव प्रज्ञा बघेल और संयुक्त सचिव मीनेश दुबे ने मंगलवार को सीजेआई सूर्यकांत के समक्ष यह मामला उठाया। उन्होंने बताया कि संबंधित वकील के खिलाफ आपराधिक अवमानना की कार्यवाही शुरू करने के लिए याचिका दायर करने की अनुमति अटॉर्नी जनरल से मिल चुकी है। इसके बाद याचिका को सीजेआई सूर्यकांत, न्यायमूर्ति जॉयमाल्य बागची और न्यायमूर्ति वी. मोहना की पीठ के समक्ष तत्काल सुनवाई के लिए रखा गया। पीठ ने बुधवार को इस पर सुनवाई करने की सहमति दी है।
मामला सोमवार को सुप्रीम कोर्ट में हुई एक घटना से जुड़ा है। जानकारी के अनुसार, एक वकील ने सीजेआई सूर्यकांत, न्यायमूर्ति जॉयमाल्य बागची और न्यायमूर्ति वी. मोहना की पीठ के सामने अपने मामले की तत्काल सुनवाई की मांग की थी। वकील का कहना था कि उन्होंने दो नवंबर को सीजेआई कार्यालय में एक मामला सौंपा था, लेकिन 15 दिन बीतने के बावजूद उन्हें कोई जवाब नहीं मिला।
सीजेआई ने जब मामले को देखने की बात कही तो वकील ने कथित तौर पर आपत्ति जताते हुए कहा कि वह इंतजार नहीं करेंगे। इसके बाद उन्होंने सीजेआई की भूमिका और पद को लेकर व्यक्तिगत टिप्पणी की। वकील के इस व्यवहार के बाद अदालत कक्ष में हंगामे की स्थिति बन गई और सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें बाहर निकाल दिया। घटना के दौरान कार्यवाही की ऑडियो-वीडियो रिकॉर्डिंग भी बंद कर दी गई।
अब सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन की याचिका पर बुधवार को होने वाली सुनवाई में यह तय होगा कि संबंधित वकील के खिलाफ आपराधिक अवमानना की कार्यवाही शुरू करने की मांग पर अदालत क्या रुख अपनाती है।

