लेडिकेनी एक प्रसिद्ध बंगाली मिठाई है जो दिखने में गुलाब जामुन जैसी लगती है, लेकिन बनाने की विधि और स्वाद में अलग है।

बंगाली मिठाई लेडिकेनी गुलाब जामुन का वेरिएशन

लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। बंगाल की मिठाइयों का स्वाद देश ही नहीं, दुनियाभर में अपनी अलग पहचान रखता है। दूध को फाड़कर छेना तैयार करने और उससे तरह-तरह की मिठाइयां बनाने की परंपरा ने बंगाली खानपान को खास पहचान दी है। कोलकाता को इसी वजह से अक्सर मिठाइयों की राजधानी कहा जाता है। रसगुल्ले और संदेश के अलावा यहां की एक खास मिठाई ‘लेडिकेनी’ भी अपने स्वाद और दिलचस्प इतिहास के लिए मशहूर है। दिखने में गुलाब जामुन जैसी लगने वाली यह मिठाई बनाने की विधि और स्वाद के मामले में उससे अलग है।

लेडिकेनी को कई लोग गुलाब जामुन का दूसरा रूप समझ लेते हैं, लेकिन दोनों मिठाइयों की सामग्री में बड़ा अंतर है। पारंपरिक गुलाब जामुन मुख्य रूप से खोया यानी मावे से तैयार किया जाता है, जबकि लेडिकेनी छेना और सूजी के मिश्रण से बनाई जाती है। इसे तलने के बाद चाशनी में डुबोया जाता है। इसका स्वाद और बनावट इसे दूसरी बंगाली मिठाइयों से अलग पहचान देते हैं।

इस मिठाई के नाम के पीछे ब्रिटिश भारत के इतिहास से जुड़ी एक दिलचस्प कहानी बताई जाती है। माना जाता है कि इसका नाम लेडी चार्लोट कैनिंग के नाम पर पड़ा था, जो लॉर्ड चार्ल्स कैनिंग की पत्नी थीं। लॉर्ड कैनिंग भारत के अंतिम गवर्नर जनरल और पहले वायसराय थे। लेडी कैनिंग को चित्रकला, विशेषकर जलरंग चित्रों में रुचि थी। उन्होंने भारत में अपने प्रवास के दौरान यहां के प्राकृतिक दृश्यों, पेड़-पौधों और स्थानीय जीवन को अपने चित्रों में जगह दी थी।

लोकप्रिय मान्यता के अनुसार, कोलकाता के प्रसिद्ध मिठाई निर्माता भीमचंद्र नाग ने लेडी कैनिंग के सम्मान में इस मिठाई को तैयार किया था। एक कहानी के मुताबिक, वर्ष 1858 में उनके जन्मदिन के अवसर पर यह विशेष मिठाई बनाई गई थी। वहीं, एक अन्य प्रचलित किस्से में बताया जाता है कि वर्ष 1856 में भारत पहुंचने पर उनके स्वागत में आयोजित दावत के लिए इसे तैयार किया गया था। हालांकि, इन दोनों कहानियों को लेकर ऐतिहासिक विवरणों में एकरूपता नहीं मिलती।

कहानी चाहे जन्मदिन के आयोजन से जुड़ी हो या स्वागत समारोह से, लेडिकेनी का नाम लेडी कैनिंग से जुड़कर लोकप्रिय हो गया। समय के साथ यह मिठाई बंगाल की पहचान का हिस्सा बन गई। आज भी कोलकाता की मिठाई की दुकानों में लेडिकेनी लोगों को अपने अनोखे स्वाद के साथ बंगाल की खानपान परंपरा और औपनिवेशिक दौर की एक दिलचस्प याद से रूबरू कराती है।

Share.
Leave A Reply

About Us

QUICK LINKS

QUICK LINKS