दिवाली पर घर सजाने के लिए बाजार में कई नए डेकोर ट्रेंड्स देखने को मिल रहे हैं। इस बार चाइनीज लड़ियों की जगह स्टेटमेंट लाइटिंग, स्मार्ट एलईडी स्ट्रिप्स और कॉर्डलेस लैंप्स की मांग अधिक है। इसके अलावा पीतल की उर्ली, हस्तनिर्मित कुशन कवर और एंटीक शोपीस भ

लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। दीपावली का त्योहार रोशनी, खुशियों और उल्लास का प्रतीक है। इस खास मौके पर हर कोई अपने घर को आकर्षक ढंग से सजाने-संवारने में जुट जाता है। घर की सफाई से लेकर रंगाई-पुताई, नए पर्दे, कालीन, चादरें और सजावटी सामान खरीदने तक की तैयारियां कई दिन पहले ही शुरू हो जाती हैं। दीपों के इस पर्व पर लोग चाहते हैं कि उनका घर न केवल रोशनी से जगमगाए, बल्कि सजावट भी ऐसी हो कि आने वाले मेहमान तारीफ किए बिना न रह सकें। इस बार बाजार में होम डेकोर के लिए कई आकर्षक विकल्प उपलब्ध हैं, जिनकी मदद से घर को पारंपरिक और आधुनिक अंदाज का खूबसूरत मेल दिया जा सकता है।

दीपावली पर घर की सजावट में रोशनी का सबसे अहम स्थान होता है। पहले जहां लोग घर के कोने-कोने में रंग-बिरंगी झालरें और छोटी एलईडी लाइटें लगाना पसंद करते थे, वहीं अब सजावट का अंदाज बदल रहा है। इन दिनों स्टेटमेंट लाइटिंग का चलन तेजी से बढ़ रहा है। इसके तहत घर में जगह-जगह छोटी लाइटें लगाने के बजाय एक बड़ी और आकर्षक हैंगिंग लाइट या डिजाइनर झूमर लगाया जाता है। इसके अलावा चाइनीज झालरों की जगह नियॉन फ्लेक्स, डिजिटल रोप लाइट और स्मार्ट एलईडी स्ट्रिप्स भी लोगों को आकर्षित कर रही हैं। मोबाइल ऐप या रिमोट से नियंत्रित होने वाली इन लाइटों की मदद से घर के माहौल के अनुसार रंग और रोशनी बदली जा सकती है।

अगर आप अपने घर को क्लासिक और एंटीक लुक देना चाहते हैं तो डिजाइनर लैंप्स एक अच्छा विकल्प हो सकते हैं। बाजार में इन दिनों कॉर्डलेस और रिचार्जेबल लैंप्स की भी काफी मांग है। इनकी हल्की और गर्म रोशनी घर के वातावरण को सुकूनभरा और आकर्षक बनाती है। इन्हें बेडरूम की साइड टेबल, डाइनिंग टेबल या ड्राइंग रूम के किसी खास कोने में रखा जा सकता है। अलग-अलग डिजाइन और आकार के लैंप घर की सजावट में नया आकर्षण जोड़ते हैं।

दीपावली की सजावट में पत्थर की ट्रे और पारंपरिक उर्ली भी खास जगह बना रही हैं। पीतल, तांबे और पत्थर से तैयार इन सजावटी पात्रों में फूल, पानी और तैरती हुई मोमबत्तियां रखकर खूबसूरत सजावट की जा सकती है। इन्हें मुख्य दरवाजे के पास, रंगोली के बीच या बैठक कक्ष में रखा जा सकता है। फूलों और दीपों से सजी उर्ली घर में पारंपरिक भारतीय संस्कृति की झलक पेश करती है और मेहमानों का ध्यान भी आकर्षित करती है।

घर को आकर्षक बनाने के लिए हस्तशिल्प से तैयार सजावटी सामान भी लोगों की पसंद बन रहे हैं। खासतौर पर हाथों की कढ़ाई, सिलाई और पारंपरिक पेंटिंग से तैयार कुशन कवर घर की खूबसूरती में चार चांद लगा सकते हैं। सोफा, दीवान और कुर्सियों पर रंग-बिरंगे हस्तनिर्मित कुशन कवर रखने से साधारण बैठक कक्ष को भी नया और आकर्षक रूप दिया जा सकता है। ऐसे डिजाइन न केवल घर को अलग पहचान देते हैं, बल्कि भारतीय हस्तकला और कारीगरों की मेहनत को भी प्रोत्साहित करते हैं।

अगर आप घर को रॉयल और पारंपरिक अंदाज देना चाहते हैं तो चांदी और पीतल की सजावटी मूर्तियां भी बेहतर विकल्प हैं। इन दिनों बाजार में देवी-देवताओं की छोटी-बड़ी मूर्तियों के साथ आकर्षक एंटीक शोपीस भी उपलब्ध हैं। इन्हें ड्राइंग रूम, डाइनिंग हॉल या सीढ़ियों के आसपास सजाया जा सकता है। धातु से बनी ये कलाकृतियां घर की सजावट को भव्य रूप देने के साथ पारंपरिक सौंदर्य का एहसास भी कराती हैं।

इसके अलावा एंटीक डिजाइन वाले लैंटर्न और कैंडल स्टैंड भी दीपावली की सजावट में खास आकर्षण जोड़ सकते हैं। बाजार में पीतल, लोहे और कांच से बने विभिन्न आकार और डिजाइन के लैंटर्न उपलब्ध हैं। इन्हें बैठक कक्ष में लटकाया जा सकता है या टेबल पर सजाकर रखा जा सकता है। वहीं सुंदर कैंडल स्टैंड में मोमबत्तियां जलाकर बालकनी, डाइनिंग टेबल और घर के प्रवेश द्वार को आकर्षक बनाया जा सकता है। इनकी हल्की रोशनी दीपावली की शाम को खास और खुशनुमा बना देती है।

दरअसल, दीपावली पर घर सजाने का उद्देश्य केवल सुंदरता बढ़ाना नहीं, बल्कि त्योहार के उत्साह और सकारात्मकता को अपने आसपास महसूस करना भी है। पारंपरिक दीपक, फूलों की सजावट और रंगोली के साथ आधुनिक लाइटिंग तथा हस्तनिर्मित सजावटी सामान का मेल घर को अलग पहचान दे सकता है। इस बार दीपावली पर थोड़ी रचनात्मकता और सही सजावटी चीजों के चुनाव से अपने घर को ऐसा आकर्षक रूप दिया जा सकता है, जिसकी चमक त्योहार की खुशियों को और भी यादगार बना दे।

Share.
Leave A Reply

About Us

QUICK LINKS

QUICK LINKS