'बिग बी' (जैसा कि उन्हें प्यार से बुलाया जाता है) रविवार शाम 5:30 बजे बाहर आए और अपने घर के बाहर जमा हुई भारी भीड़ का अभिवादन किया। हालांकि, इस बार वे उस बुलेटप्रूफ घेरे के बिना सामने आए, जो पिछली बार प्रशंसकों से मुलाकात के दौरान देखा गया था।

एंटरटेनमेंट डेस्क,मुंबई। बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन ने दिवाली के अवसर पर अपने जुहू स्थित आवास ‘जलसा’ के बाहर प्रशंसकों से मुलाकात की। दशकों से चली आ रही रविवार को प्रशंसकों का अभिवादन करने की परंपरा को उन्होंने इस बार भी कायम रखा। खास बात यह रही कि पिछली मुलाकात के दौरान बुलेटप्रूफ कांच जैसे सुरक्षा घेरे के पीछे नजर आए अमिताभ इस बार बिना किसी ऐसे घेरे के प्रशंसकों के सामने पहुंचे। इस दौरान उनके अभिनेता बेटे अभिषेक बच्चन भी उनके साथ मौजूद रहे।
अमिताभ बच्चन रविवार शाम करीब 5:30 बजे अपने घर से बाहर आए। उन्हें देखने और दिवाली की शुभकामनाएं देने के लिए ‘जलसा’ के बाहर बड़ी संख्या में प्रशंसक जमा थे। अभिनेता ने हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन किया और त्योहार की बधाई दी। भीड़ को देखते हुए मुंबई पुलिस ने आवास के बाहर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे।
अमिताभ की इस बार की मुलाकात इसलिए भी चर्चा में रही, क्योंकि एक सप्ताह पहले यानी एक नवंबर को वह प्रशंसकों के सामने पारदर्शी सुरक्षा घेरे के भीतर से आए थे। उस दौरान उनके साथ अभिषेक बच्चन भी मौजूद थे। सुरक्षा के इस इंतजाम को लेकर सोशल मीडिया पर काफी चर्चा हुई थी और इसे लेकर कई तरह की खबरें सामने आई थीं।
इसी बीच मुंबई पुलिस को ‘जलसा’ की सुरक्षा को लेकर धमकी भरा ईमेल मिलने की बात भी सामने आई। ऐसे में सुरक्षा संबंधी चिंताओं के बीच अमिताभ का बिना किसी पारदर्शी घेरे के प्रशंसकों के बीच पहुंचना चर्चा का विषय बन गया। हालांकि, पुलिस की मौजूदगी में उन्होंने अपने चाहने वालों से मुलाकात की और अपनी पुरानी परंपरा को जारी रखा।
काम के मोर्चे पर अमिताभ बच्चन टेलीविजन के लोकप्रिय शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ की मेजबानी कर रहे हैं। उन्हें आखिरी बार वर्ष 2024 में रिलीज हुई तमिल फिल्म ‘वेट्टैयन’ में देखा गया था, जिसमें रजनीकांत मुख्य भूमिका में थे।

