अखिलेश यादव ने चुनाव आयोग से आधार को वोटिंग से जोड़ने, मेटल कार्ड और बायोमेट्रिक पहचान लागू करने की मांग की।

लखनऊ,एजेंसी। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता लाने और फर्जी मतदान रोकने के लिए आधार कार्ड को मतदान व्यवस्था से जोड़ने की मांग की है। उन्होंने मतदान केंद्रों पर फिंगरप्रिंट और आंखों की पहचान आधारित बायोमेट्रिक तकनीक लागू करने के साथ कागज या प्लास्टिक के बजाय मेटल से बने वोटर कार्ड जारी करने का सुझाव दिया है। उनका कहना है कि आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल से फर्जी मतदान और एक से अधिक स्थानों पर वोट डालने जैसी गड़बड़ियों पर रोक लगाई जा सकती है।
अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट कर अपनी मांग रखी। उन्होंने लिखा कि आधार कार्ड को वोटिंग से जोड़ा जाना चाहिए और नकली कार्ड बनने से रोकने के लिए कागज या प्लास्टिक की जगह मेटल कार्ड बनाए जाने चाहिए। उन्होंने उंगलियों के निशान और आंखों के जरिए बायोमेट्रिक पहचान की व्यवस्था अपनाने की पैरवी करते हुए दावा किया कि इससे किसी व्यक्ति की पहचान सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी और फर्जी मतदान की गुंजाइश कम होगी।
सपा अध्यक्ष ने चुनाव आयोग से मतदाता सूचियों को आधार से जोड़ने और सभी मतदान केंद्रों पर बायोमेट्रिक रीडिंग उपकरण लगाने की मांग की है। उनका कहना है कि इस व्यवस्था को वैकल्पिक रखने के बजाय सभी मतदाताओं के लिए लागू किया जाना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि ये उपकरण बहुत महंगे नहीं हैं और तकनीक की मदद से चुनावी प्रक्रिया में मौजूद खामियों को दूर किया जा सकता है।
अखिलेश यादव मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर भी लगातार सवाल उठाते रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा एसआईआर के जरिए ‘वोट फिक्सिंग’ कर रही है। उनके मुताबिक, इस तरह की कथित गड़बड़ियां लोकतंत्र और संविधान को कमजोर करने के साथ चुनावी संस्थाओं के प्रति जनता के भरोसे को भी प्रभावित कर सकती हैं।
मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं के उदाहरण देते हुए अखिलेश यादव ने लखनऊ के सरोजिनी नगर क्षेत्र का मामला उठाया। उन्होंने दावा किया कि वहां दशरथ नाम के एक ही व्यक्ति के नाम पर 100 से अधिक फॉर्म भरे गए। उन्होंने इन मामलों के आधार पर मतदाता सूची की शुद्धता और चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए चुनाव आयोग से ठोस कदम उठाने की मांग की है।

