अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी स्टूडेंट्स यूनियन चुनाव 2026 का रिजल्ट जारी कर दिया गया है। इसमें उपाध्यक्ष पद पर नुशरा नईम को विजयी घोषित किया गया है।

अलीगढ़,उत्तर प्रदेश। अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) छात्रसंघ के चुनाव आठ साल बाद संपन्न हुए। शुक्रवार सुबह घोषित परिणामों में अध्यक्ष पद पर नोमान अशरफ ने जीत दर्ज की, जबकि उपाध्यक्ष पद पर नुशरा नईम निर्वाचित हुईं। इसके साथ ही वह एएमयू छात्रसंघ के इतिहास में पहली महिला ऑफिस बियरर बन गईं। मानद सचिव पद पर मोहम्मद हमदान निर्वाचित घोषित किए गए।
लॉ फैकल्टी की छात्रा नुशरा नईम ने उपाध्यक्ष पद के लिए सात उम्मीदवारों के बीच हुए मुकाबले में 1,273 वोटों से जीत हासिल की। उन्हें 7,091 वोट मिले, जबकि दूसरे स्थान पर रहे साकिब अली खान को 5,818 वोट प्राप्त हुए। मतगणना के शुरुआती दौर में नुशरा ने बढ़त बनाई, हालांकि बीच में साकिब अली आगे निकल गए। बाद में नुशरा ने फिर बढ़त हासिल की और अंत तक इसे कायम रखा। वह मूल रूप से गोरखपुर की रहने वाली हैं।
एएमयू छात्रसंघ के इतिहास में अब तक अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और मानद सचिव जैसे प्रमुख पदों पर पुरुष उम्मीदवार ही निर्वाचित होते रहे हैं। पहली बार किसी महिला ने इन पदों में से एक पर जीत दर्ज की है। इस चुनाव में अध्यक्ष पद पर अमीना इरशाद और उपाध्यक्ष पद पर इरफा खान ने भी उम्मीदवार के रूप में हिस्सा लिया था। हालांकि, छात्रसंघ में वर्ष 2015 से महिलाएं कैबिनेट सदस्य चुनी जाती रही हैं।
आठ साल बाद हुए चुनाव में नवनिर्वाचित पदाधिकारियों के सामने परिसर से जुड़े मुद्दों को उठाने और छात्रों की समस्याओं को विश्वविद्यालय प्रशासन तक पहुंचाने की जिम्मेदारी होगी। उपाध्यक्ष की भूमिका संघ की बैठकों में अध्यक्ष की सहायता करने के साथ छात्र-छात्राओं से जुड़े सवालों को प्रशासन के समक्ष रखने की भी होती है। नुशरा की जीत के बाद छात्राओं से जुड़े मुद्दों को लेकर उनसे विशेष अपेक्षाएं रहेंगी।

