एक समय था जब बिहार के जमुई में नक्सलियों का तांडव आम बात थी। इस दौरान नक्सलियों ने शिक्षा के मंदिर को भी नहीं छोड़ा था। जमुई जिले के एक स्कूल को नक्सलियों ने उड़ा दिया था।

जमुई,बिहार। बिहार के जमुई जिले के गुरमाहा गांव की सपना ने विपरीत परिस्थितियों के बावजूद अपनी मेहनत और लगन से ऐसी मिसाल कायम की है, जिसकी चर्चा पूरे इलाके में हो रही है। गांव का स्कूल नक्सली हमले में तबाह हो गया था, जिससे बच्चों की पढ़ाई का रास्ता मुश्किल हो गया। इसके बावजूद सपना ने हार नहीं मानी और बिहार बोर्ड ऑफ ओपन स्कूलिंग एंड एग्जामिनेशन (बीबीओएसई) के माध्यम से मैट्रिक की परीक्षा पास कर गांव की पहली दसवीं पास बेटी बनने का गौरव हासिल किया। सपना ने परीक्षा में 81 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हैं।
जिले के बरहट प्रखंड के गुरमाहा गांव में कुछ समय पहले नक्सलियों ने स्कूल पर हमला कर उसे काफी नुकसान पहुंचाया था। यह स्कूल गांव के बच्चों की शिक्षा का प्रमुख माध्यम था। स्कूल के क्षतिग्रस्त होने के बाद पढ़ाई को लेकर गंभीर संकट खड़ा हो गया। ऐसे माहौल में सपना ने अपनी पढ़ाई जारी रखने का संकल्प लिया। गांव में अब तक कोई भी बेटी मैट्रिक तक की शिक्षा हासिल नहीं कर सकी थी। सपना का सपना था कि वह इस स्थिति को बदले और गांव की पहली मैट्रिक पास बेटी बने।
नियमित स्कूल जाना संभव नहीं होने पर सपना ने बिहार शिक्षा विभाग के बीबीओएसई का सहारा लिया। इस माध्यम से पढ़ाई कर उसने मैट्रिक की परीक्षा दी और 81 प्रतिशत अंकों के साथ सफलता हासिल की। उसकी इस उपलब्धि से न केवल परिवार, बल्कि पूरे गांव में खुशी का माहौल है।
बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने भी सपना की सफलता पर प्रसन्नता जताई। उन्होंने कहा कि पढ़ने की लगन रखने वाला व्यक्ति किसी भी परिस्थिति में हार नहीं मानता। सपना ने अपनी मेहनत से इसे साबित किया है। उसकी सफलता राज्य की लाखों बेटियों के लिए प्रेरणा है।
गांव के लोगों का कहना है कि सपना ने उस गांव में पहली मैट्रिक पास बेटी बनकर एक नई शुरुआत की है, जहां अब तक किसी बेटी ने यह मुकाम हासिल नहीं किया था। सपना की उपलब्धि यह भी दिखाती है कि नियमित स्कूल तक पहुंच नहीं होने की स्थिति में मुक्त विद्यालयी शिक्षा बच्चों के लिए आगे बढ़ने का विकल्प बन सकती है।

