उस्मान खान भारत के खिलाफ पिछले फाइनल में भी खेले थे, लेकिन कुछ खास नहीं कर सके थे। इस बार उन्होंने शतक लगाकर अपनी टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाया है। इस शतक ने उन्हें इंटरनेशनल क्रिकेट में पहचान दिलाई है।

अल अमेरात। अंडर-19 एशिया कप 2026 के खिताबी मुकाबले में पाकिस्तान के युवा बल्लेबाज उस्मान खान ने भारत के खिलाफ शानदार शतक जड़कर अपनी बल्लेबाजी का दम दिखाया। उन्होंने 111 गेंदों पर 107 रन की बेहतरीन पारी खेली, जिसमें 11 चौके और दो छक्के शामिल रहे। उनकी इस पारी ने पाकिस्तान को बड़े स्कोर की ओर अग्रसर किया। उस्मान ने अब्दुल कादिर के साथ दूसरे विकेट के लिए 135 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी भी की।
उस्मान खान ने शुरुआत से ही धैर्य के साथ बल्लेबाजी की। उन्होंने 46 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया और इसके बाद रन बनाने की गति बढ़ा दी। शतक पूरा करने के बाद उन्होंने आक्रामक अंदाज अपनाते हुए भारतीय गेंदबाजों पर दबाव बनाया। यशवर्धन चौहान की गेंद पर मिडविकेट के ऊपर से शानदार छक्का जड़ा, जबकि अर्जुन राजपूत की गेंद पर डीप बैकवर्ड पॉइंट की दिशा में चौका लगाया। अंततः वह 111 गेंदों पर 107 रन बनाकर आउट हुए। दूसरे छोर पर अब्दुल कादिर ने भी 54 गेंदों में 80 रन की तेजतर्रार पारी खेलकर पाकिस्तान की स्थिति मजबूत की।
उस्मान खान का प्रदर्शन पूरे टूर्नामेंट में लगातार प्रभावशाली रहा है। फाइनल से पहले वह चार मुकाबलों में 238 रन बना चुके थे और पाकिस्तान के प्रमुख बल्लेबाजों में शामिल थे। सेमीफाइनल में पाकिस्तान ने बांग्लादेश को नौ विकेट से हराकर फाइनल में जगह बनाई थी। खिताबी मुकाबले में भी उस्मान ने अपनी शानदार बल्लेबाजी का सिलसिला जारी रखा।
20 मार्च 2008 को जन्मे उस्मान खान बाएं हाथ के शीर्ष क्रम के बल्लेबाज हैं। वह जरूरत पड़ने पर लेग ब्रेक और गुगली गेंदबाजी भी करते हैं। उन्होंने 2024-25 सत्र में युवा एकदिवसीय क्रिकेट में पदार्पण किया था। अफगानिस्तान अंडर-19 के खिलाफ 133 गेंदों पर 102 रन बनाकर उन्होंने अपना पहला शतक लगाया था। इसके बाद अंडर-19 विश्व कप 2026 में स्कॉटलैंड के खिलाफ 85 गेंदों पर 75 रन की मैच जिताऊ पारी खेली। सितंबर 2026 में इंग्लैंड अंडर-19 के खिलाफ भी उन्होंने शतक जड़कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया था।
भारत के खिलाफ पिछला फाइनल उस्मान के लिए यादगार नहीं रहा था। दिसंबर 2025 में खेले गए खिताबी मुकाबले में वह केवल 35 रन बना सके थे, हालांकि उस मैच में पाकिस्तान ने भारत को 191 रन से हराया था। इस बार उन्होंने शतक लगाकर अपने प्रदर्शन में बड़ा सुधार दिखाया और खिताबी मुकाबले में अपनी टीम के लिए अहम योगदान दिया।

