पाकिस्तान ने भारत के चुनिंदा सिखों को अपने देश में एंट्री देने से लिए खास वीजा प्लान तैयार किया है। इसके जरिए आने वाले सिखों को स्पेशल एंट्री गेट और ग्रीन चैनलों के जरिए पासपोर्ट पर बिना ठप्पा लगाए पाकिस्तान में एंट्री दी जाएगी।

इस्लामाबाद,एजेंसी। पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी इंटर सर्विसेज इंटेलिजेंस (आईएसआई) पर भारत के पंजाब में खालिस्तान समर्थक गतिविधियों को फिर से बढ़ावा देने की कोशिश करने के आरोप लगे हैं। एक मीडिया रिपोर्ट में सुरक्षा सूत्रों के हवाले से दावा किया गया है कि आईएसआई ने इसके लिए विशेष रणनीति तैयार की है। इसके तहत पाकिस्तान में सिख धार्मिक स्थलों का जीर्णोद्धार कराने के साथ कुछ चुनिंदा भारतीय सिखों के लिए विशेष वीजा और यात्रा सुविधा शुरू करने की योजना बनाई गई है।
न्यूज18 की रिपोर्ट के मुताबिक, इस कथित योजना का उद्देश्य पाकिस्तान में चुनिंदा सिख समूहों तक अपनी पहुंच और प्रभाव बढ़ाना तथा भारत में खालिस्तान समर्थक गतिविधियों को प्रोत्साहित करना है। रिपोर्ट में दावा किया गया है कि इसके लिए विशेष ई-वीजा, स्मार्ट गेट इमिग्रेशन सेवा, ग्रीन चैनल और पासपोर्ट पर पारंपरिक इमिग्रेशन मुहर लगाए बिना डिजिटल प्रवेश एवं निकास रिकॉर्ड रखने जैसी व्यवस्थाएं तैयार की गई हैं।
रिपोर्ट के अनुसार, आईएसआई इस योजना का प्रारंभिक परीक्षण पूरा कर चुकी है और अब इसे व्यापक स्तर पर लागू करने की तैयारी में है। पहले चरण में कुछ चुनिंदा भारतीय सिखों को इस विशेष सुविधा के तहत पाकिस्तान आने-जाने की अनुमति दिए जाने की बात कही गई है। आगे चलकर इस व्यवस्था का दायरा बढ़ाने की भी योजना बताई जा रही है।
दावा किया गया है कि चयनित भारतीय यात्रियों को सीधे भारत से पाकिस्तान जाने के बजाय किसी तीसरे देश के रास्ते पाकिस्तान पहुंचने के लिए कहा जा सकता है। इसके लिए तुर्किये, अजरबैजान और सऊदी अरब जैसे देशों के विकल्पों का उल्लेख किया गया है, जिनके पाकिस्तान के साथ अच्छे संबंध हैं।
इस कथित व्यवस्था के तहत पाकिस्तान पहुंचने वाले यात्रियों को विशेष स्मार्ट गेट या ग्रीन चैनल के माध्यम से प्रवेश दिया जाएगा। उनके आवागमन का रिकॉर्ड डिजिटल रूप से सुरक्षित रखने और पासपोर्ट पर सामान्य इमिग्रेशन मुहर नहीं लगाने की बात कही गई है। रिपोर्ट में आशंका जताई गई है कि ऐसी व्यवस्था का इस्तेमाल यात्रियों की पाकिस्तान यात्रा को भारतीय एजेंसियों की निगरानी से छिपाने के लिए किया जा सकता है।
हालांकि, आईएसआई की इस कथित योजना और इसके उद्देश्यों को लेकर सामने आए दावों की स्वतंत्र आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। ऐसे में इस पूरे मामले को मीडिया रिपोर्ट में सामने आए आरोपों और सुरक्षा सूत्रों के दावों के रूप में ही देखा जाना चाहिए।

